प्रधानमंत्री मोदी ने बिश्केक में महात्मा गांधी को दी श्रद्धांजलि, भारत से जुड़ाव रखने वाले लोगों से भी की मुलाकात

WhatsApp Channel Join Now
प्रधानमंत्री मोदी ने बिश्केक में महात्मा गांधी को दी श्रद्धांजलि, भारत से जुड़ाव रखने वाले लोगों से भी की मुलाकात


बिश्केक, 31 अगस्त (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को किर्गिस्तान की राजधानी बिश्केक में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि गांधी जी के विचारों का हमारे मन-मस्तिष्क पर हमेशा अद्वितीय प्रभाव रहेगा।

प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर मुलाकात की तस्वीरें साझा करते हुए बताया कि उन्होंने ऐसे लोगों के एक समूह से मुलाकात की, जिनका भारत के साथ गहरा जुड़ाव है। इनमें प्रमुख भारतीय प्रवासी, पर्यावरण के प्रति जागरूक लोग, योग साधक, शिक्षाविद, भारतीय तकनीकी और आर्थिक सहयोग (आईटीईसी) के पूर्व छात्र तथा शोधकर्ता शामिल थे।

मोदी ने भारत के साथ इस निरंतर जुड़ाव पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने विशेष रूप से एक योग साधक का उल्लेख किया, जो वर्ष 2026 में अहमदाबाद में आयोजित पहले विश्व योगासन चैंपियनशिप में शामिल हुआ था और वहां पदक जीता था। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत की ओर से योग को दुनियाभर में बढ़ावा देने के प्रयासों के बीच इस तरह का जुड़ाव उत्साहजनक है।

मोदी इस समय किर्गिस्तान के राष्ट्रपति सदिर जापारोव के निमंत्रण पर 26वें शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए किर्गिस्तान की यात्रा पर हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने गांधी जी की प्रतिमा का अनावरण वर्ष 2015 में किया था।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Share this story