पुदुचेरी विधानसभा चुनाव में बढ़ी पारिवारिक सियासत, कई नेताओं के रिश्तेदार मैदान में उतरे

WhatsApp Channel Join Now
पुदुचेरी विधानसभा चुनाव में बढ़ी पारिवारिक सियासत, कई नेताओं के रिश्तेदार मैदान में उतरे


पुदुचेरी, 24 मार्च (हि.स.)। पुदुचेरी में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। नौ अप्रैल को होने वाले चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया समाप्त होने के साथ ही कई राजनीतिक नेताओं के परिजन भी चुनावी मैदान में उतर गए हैं, जिससे मुकाबला और दिलचस्प हो गया है।

सोमवार को नामांकन के अंतिम दिन भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता और मंत्री जॉन कुमार ने मुदलियारपेट विधानसभा क्षेत्र से अपना नामांकन दाखिल किया। उनकी पत्नी जस्टिन ने नवगठित एलजेके पार्टी के टिकट पर नेल्लिथोप सीट से पर्चा भरा, जबकि उनके बेटे रिचर्ड और रेगन ने भी एलजेके के टिकट पर बहूर सीट से नामांकन किया।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष रामालिंगम ने राज भवन सीट से नामांकन दाखिल किया, वहीं उनके बड़े भाई सिवाकोलुंथु ने सत्तारूढ़ एआईएनआरसी के टिकट पर लॉस्पेट सीट से चुनावी मैदान में कदम रखा।

एआईएनआरसी के संस्थापक अध्यक्ष और मुख्यमंत्री एन. रंगासामी ने थट्टांचावडी और मंगलम, दोनों सीटों से नामांकन दाखिल किया। उनके करीबी रिश्तेदार और गृह मंत्री ए. नमासिवायम ने मन्नादीपेट सीट से भाजपा टिकट पर पर्चा भरा। रंगासामी थट्टांचावडी सीट से फिर चुनाव लड़ रहे हैं, जिसे उनका मजबूत गढ़ माना जाता है और जहां से वे पांच बार विधायक रह चुके हैं। इस बार वे रिकॉर्ड छठी जीत दर्ज करने की कोशिश में हैं।

निर्दलीय विधायक पी. अंगालन, जो पहले भाजपा समर्थक थे, अब द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (द्रमुक) के टिकट पर तिरुभुवनई सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं पूर्व मंत्री साई सरवण कुमार, जिन्होंने पार्टी छोड़ दी थी, तमिलगा वेट्ट्री कड़गम (टीवीके) के टिकट पर इसी सीट से मैदान में हैं। इस सीट पर दो मौजूदा विधायकों के बीच सीधा मुकाबला देखने को मिलेगा।

निर्दलीय विधायक जी. नेहरू की पार्टी नेय्यम मक्कल कझगम (एनएमके), जिसने अंतिम समय में टीवीके के साथ गठबंधन किया, ने ऑर्लेनपेट सीट से नेहरू को उम्मीदवार बनाया है। उनके करीबी रिश्तेदार विनायकम ने थट्टांचावडी सीट से नामांकन दाखिल किया है, जहां उनकी टक्कर मुख्यमंत्री एन. रंगासामी और पूर्व मुख्यमंत्री व पीसीसी अध्यक्ष वी. वैतिलिंगम से होगी, जो वर्तमान में लोकसभा सांसद भी हैं।

रंगासामी की तरह एलजेके के संस्थापक जोस चार्ल्स मार्टिन ने भी कामराज नगर और नेल्लिथोप, दोनों सीटों से नामांकन दाखिल किया है। वहीं पूर्व आईएएस अधिकारी एस. सत्यामूर्ति ने तमिलगा मक्कल थन्नुरिमै काची के टिकट पर मंगलम और बहूर सीटों से पर्चा भरा है।

इसके अलावा अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (अन्नाद्रमुक) के प्रदेश उप सचिव वैय्यापुरी मणिकंदन ने पार्टी छोड़कर एआईएनआरसी का दामन थाम लिया और मुथियालपेट सीट से नामांकन दाखिल किया है।

राजनीति के जानकारों का कहना है कि पुदुचेरी की राजनीति में इस बार पारिवारिक भागीदारी और दल-बदल ने चुनाव को और भी रोचक बना दिया है, जिससे कई सीटों पर कड़ा मुकाबला देखने को मिल सकता है।----------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dr. Vara Prasada Rao PV

Share this story