गौमाता को राष्ट्रमाता घोषित करने की मांग को लेकर चार धाम की पैदल यात्रा, खड़गपुर पहुंचा मध्य प्रदेश का युवक

WhatsApp Channel Join Now
गौमाता को राष्ट्रमाता घोषित करने की मांग को लेकर चार धाम की पैदल यात्रा, खड़गपुर पहुंचा मध्य प्रदेश का युवक


खड़गपुर, 12 अक्टूबर (हि. स.)। गौमाता को राष्ट्रमाता घोषित करने की मांग को लेकर मध्य प्रदेश का युवक दौलत सिंह कुर्मी देश के 12 ज्योतिर्लिंगों और चारधाम की पैदल यात्रा पर निकला है। करीब 77 दिनों से पैदल यात्रा कर रहे दौलत सिंह सोमवार को पुरी के जगन्नाथ धाम जाते समय पश्चिम बंगाल के खड़गपुर से होते हुए नारायणगढ़ की ओर बढ़े। उनकी इस यात्रा को लेकर स्थानीय लोगों में उत्सुकता देखी गई।

दौलत सिंह ने बताया कि गौमाता को राष्ट्रमाता घोषित कराने के संकल्प के साथ उन्होंने करीब दो वर्ष में यात्रा पूरी करने का लक्ष्य रखा है। पेशे से किसान दौलत सिंह की गांव में खेती की जमीन है। खेती-किसानी से जुड़े होने के बावजूद उन्होंने अपने संकल्प को पूरा करने के लिए लंबी पैदल यात्रा शुरू की है।

उन्होंने बताया कि 12 ज्योतिर्लिंगों और चारधाम की यात्रा के साथ पुरी के जगन्नाथ धाम पहुंचना भी उनके उद्देश्य में शामिल है। लंबी दूरी पैदल तय कर अपने लक्ष्य की ओर बढ़ रहे दौलत सिंह के इस प्रयास की लोगों ने भरपूर सराहना की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

Share this story