गुरुग्राम में अवैध रूप से रह रहे 14 बांग्लादेशी नागरिक हिरासत में

WhatsApp Channel Join Now
गुरुग्राम में अवैध रूप से रह रहे 14 बांग्लादेशी नागरिक हिरासत में


गुरुग्राम, 07 नवंबर (हि.स.)। हरियाणा के गुरुग्राम नगर में अवैध रूप से रह रहे 14 बांग्लादेशी नागरिकों को एंटी टेररिस्ट स्क्वाड (एटीएस) की टीम ने हिरासत में लिया है। सभी को मानेसर स्थित डिटेंशन सेंटर भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में उनके पास भारत में रहने के लिए वैध वीजा, पासपोर्ट या अन्य आवश्यक अनुमति नहीं मिली है। उनके खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने शनिवार को बताया कि यह कार्रवाई एटीएस के पुलिस अधीक्षक वरुण सिंगला के नेतृत्व में की गई। भारत सरकार के दिशा-निर्देशों और राष्ट्रीय सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एटीएस गुरुग्राम, स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) नूंह, एसओजी रोहतक और एटीएस के अन्य कर्मचारियों की संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर अभियान चलाया। इस दौरान संदिग्धों की पहचान के लिए गहन जांच-पड़ताल की गई।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, जांच के दौरान हिरासत में लिए गए सभी 14 व्यक्तियों के पास से बांग्लादेश से संबंधित पहचान पत्र एवं अन्य दस्तावेज मिलने की जानकारी सामने आई। प्रारंभिक जांच में इनके पास भारत में रहने के लिए वैध वीजा, पासपोर्ट अथवा अन्य आवश्यक अनुमति नहीं पाई गई। हिरासत में लिए गए व्यक्तियों की पहचान मोहम्मद लुतफोर रहमान (17 वर्ष), मोहम्मद राजू मियां (20 वर्ष), साकिब हुसैन (18 वर्ष), मोहम्मद तारेकुल इस्लाम (17 वर्ष), इलियास अली (18 वर्ष), मोहम्मद फेरुज इस्लाम (19 वर्ष), मोहम्मद अनारुल हक (30 वर्ष), साकिब राणा (19 वर्ष), गुलाम रब्बानी (23 वर्ष), मोहम्मद ज्वेल राणा (20 वर्ष), अनवर हुसैन (37 वर्ष), आरिफुल उर्फ अलाउद्दीन (22 वर्ष), मोहम्मद मसूद राणा (27 वर्ष) तथा राजू आलम (28 वर्ष) के रूप में हुई है। ये सभी बांग्लादेश के विभिन्न क्षेत्रों के निवासी बताए गए हैं। गुरुग्राम एटीएस का कहना है कि राष्ट्रीय सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों की पहचान एवं उनके विरुद्ध कार्रवाई का अभियान निरंतर जारी है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

773946 Articles

Share this story