कुछ लोग धर्म के नाम पर देश को बांटने का काम कर रहे: खरगे

WhatsApp Channel Join Now
कुछ लोग धर्म के नाम पर देश को बांटने का काम कर रहे: खरगे


नई दिल्ली, 13 अगस्त (हि.स.)। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने गुरुवार को कहा कि कांग्रेस की सोच पूरे देश को जोड़ने और एक रखने की है, जबकि कुछ लोग जनता में फूट डालना चाहते हैं।

कांग्रेस पार्टी की शाखा 'रचनात्मक कांग्रेस' के राष्ट्रीय अधिवेशन में खरगे ने कहा कि पूरे देश को जोड़ना और एक रखना कांग्रेस की सोच रही है। इसके विपरीत आज कुछ लोग जनता में फूट डालना चाहते हैं। खरगे ने आरोप लगाया कि सरकार महात्मा गांधी, जवाहरलाल नेहरू और डॉ. भीमराव आंबेडकर के सपनों को चूर-चूर करने के लिए काम कर रही है। इन नेताओं ने ऐसे भारत की कल्पना की थी, जिसमें समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चला जाए।

खरगे ने टेलीविजन पर प्रसारित होने वाले विज्ञापनों को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा, मुझे दुख होता है कि आज टीवी पर पान मसाला, तेल और बहुत से प्रोडक्ट का विज्ञापन चलाया जाता है। उन्होंने कहा कि इसके बजाय देश के अच्छे काम, आजादी के नायकों और उनके विचारों का प्रचार किया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि आजादी के नायकों के विचारों और उनके योगदान को युवाओं तक पहुंचाने की जरूरत है, ताकि देशभक्त युवा तैयार हों। देश को बांटने के बजाय लोगों को जोड़ने और सभी वर्गों को साथ लेकर चलने की जरूरत है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Share this story