एनसीपीआई सांसदों ने छात्रों के मुद्दे पर केंद्र से की अपील

WhatsApp Channel Join Now

नई दिल्ली, 21 जुलाई (हि.स.)। नेशनलिस्ट सिटिजंस पार्टी ऑफ इंडिया (एनसीपीआई) के सांसदों ने मंगलवार को छात्रों के भविष्य और उनकी चिंताओं को गंभीरता से लेने की अपील करते हुए कहा कि विद्यार्थी देश का भविष्य हैं और उनकी आवाज सुनी जानी चाहिए। सांसदों की यह प्रतिक्रिया प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के उस बयान के बाद आई, जिसमें उन्होंने नीट परीक्षा में गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया।

संसद परिसर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान सांसद यूसुफ पठान ने कहा कि वह एक छात्र हैं और देश का भविष्य हैं। हमें उनकी बात सुननी चाहिए।

वहीं सांसद काकोली घोष दस्तिदार ने कहा कि प्रधानमंत्री ने बहुत महत्वपूर्ण बात कही है, क्योंकि बच्चे पढ़ाई करते हैं, माता-पिता उन्हें शिक्षित करते हैं और हर बच्चे को उम्मीद होती है कि इस परीक्षा के बाद वह जीवन में आगे बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि छात्रों के भविष्य और उनकी उम्मीदों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने संसद के मानसून सत्र के दूसरे दिन आज संसद भवन परिसर में आयोजित राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) संसदीय दल की मंगल मिलन बैठक में कहा था कि राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) में गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पेपर लीक की घटना सामने आते ही सरकार ने तत्काल कार्रवाई की, 13 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया और छात्रों का भविष्य प्रभावित न हो, इसके लिए परीक्षा दोबारा कराई गई तथा बिना किसी देरी के परिणाम भी घोषित किए गए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Share this story