उत्तरकाशी में सात दिवसीय पंचकुंडीय श्री लक्ष्मी नारायण महायज्ञ का बुधवार से शुभारंभ
उत्तरकाशी, 17 नवंबर (हि.स.)। उत्तरकाशी में बुधवार से सात दिवसीय पंचकुंडीय श्री लक्ष्मी नारायण गौ गंगा प्रतिष्ठा महायज्ञ एवं श्रीमद्भागवत कथा का भव्य शुभारंभ होने जा रहा है। श्री लक्ष्मी नारायण यज्ञ समिति एवं सौम्य काशी ब्राह्मण सभा की ओर से रामलीला मैदान में आयोजित इस महायज्ञ में विश्व कल्याण की कामना के साथ एक लाख 60 हजार आहुतियां दी जाएंगी। धार्मिक अनुष्ठान के दौरान पांच कन्याओं का विवाह संपन्न कराने के साथ बद्री गाय का पूजन, गंगा पूजन और नियमित गंगा आरती भी की जाएगी।
मंगलवार को हनुमान मंदिर में आयोजित पत्रकार वार्ता में समिति के अध्यक्ष बुद्धि प्रसाद नौटियाल ने बताया कि प्रदेश एवं विश्व कल्याण की भावना से पहली बार उत्तरकाशी में इस पंचकुंडीय श्री लक्ष्मी नारायण गौ गंगा प्रतिष्ठा महायज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। महायज्ञ का शुभारंभ बुधवार को गंगा एवं यमुना घाटी की 108 देव डोलियों, ढोल-दमाऊ और देवी-देवताओं के निशानों के साथ निकलने वाली भव्य कलश यात्रा से होगा। नगर क्षेत्र में निकाली जाने वाली इस यात्रा को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
उन्होंने बताया कि सात दिनों तक चलने वाले इस धार्मिक आयोजन में व्यास पीठ से सूर्याकांत बलूनी श्रीमद्भागवत कथा का वाचन करेंगे, जबकि 41 ब्राह्मण विधि-विधान से पूजा-अर्चना एवं यज्ञ संपन्न कराएंगे। महायज्ञ के दौरान पांच कन्याओं का विवाह भी कराया जाएगा। इसके लिए अब तक चार लोगों ने पंजीकरण कराया है।
समिति की ओर से विवाह के अवसर पर प्रत्येक कन्या को एक बेड और पांच बर्तन उपहार स्वरूप दिए जाएंगे। नौटियाल ने बताया कि धार्मिक आयोजन के अंतर्गत 22 नवंबर को बलूनी अस्पताल देहरादून की ओर से स्वास्थ्य शिविर भी लगाया जाएगा। इसमें लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया जाएगा। वहीं, जिलेभर से आने वाले संत-महात्माओं के लिए नियमित भंडारे की व्यवस्था की गई है।
उन्होंने कहा कि यह महायज्ञ केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति के संरक्षण, गोवंश एवं गंगा के प्रति श्रद्धा, सामाजिक समरसता और लोककल्याण की भावना को समर्पित एक विशेष आयोजन है।
----------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेन्द्र नौटियाल

