अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस समारोह को संबोधित करेंगी राष्ट्रपति मुर्मु

WhatsApp Channel Join Now
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस समारोह को संबोधित करेंगी राष्ट्रपति मुर्मु


नई दिल्ली, 07 मार्च (हि.स.)। केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्रालय 8 मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस (आईडब्ल्यूडी) के अवसर पर मानेकशॉ सेंटर में एक राष्ट्रीय स्तर का समारोह का आयोजन करने जा रहा है। इसको राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु संबोधित करेंगी। कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी और महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर मौजूद रहेंगी।

महिला एवं बाल विकास मंत्रालय ने शनिवार को एक बयान में कहा कि कार्यक्रम का शुभारंभ महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के सचिव अनिल मलिक के स्वागत भाषण के साथ होगा। इसके बाद विभिन्न ऑडियो-विजुअल प्रस्तुतियां दी जाएंगी, जो विभिन्न क्षेत्रों में महिलाओं की कार्यबल में बढ़ती भागीदारी को रेखांकित करेंगी और महिला सशक्तीकरण के उद्देश्य से बनाई गई सरकार की प्रमुख नीतियों एवं योजनाओं का प्रदर्शन करेंगी।

इस अवसर पर राष्ट्रपति मुर्मु अपना मुख्य संबोधन देंगी।

महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी भी समारोह को संबोधित करेंगी और देश में महिला-नेतृत्व वाले विकास को सुदृढ़ करने के लिए सरकार द्वारा की गई प्रमुख पहलों पर प्रकाश डालेंगी।

उद्घाटन समारोह के बाद कार्यक्रम में दो पैनल चर्चाओं का आयोजन किया जाएगा। पहली पैनल चर्चा का विषय श्रम संहिता - महिलाओं के सशक्तिकरण को बढ़ावा होगा। दूसरी पैनल चर्चा का विषय उद्यमी के रूप में स्वयं सहायता समूह की महिलाएं होगा।

इस कार्यक्रम में 150 से अधिक मंत्रालयों, विभागों और संगठनों की लगभग 1,000 महिलाओं के शामिल होने की संभावना है। इसमें सशस्त्र बलों, पुलिस, मीडिया, स्वास्थ्य सेवा, खेल और अन्य क्षेत्रों की महिला प्रतिनिधि शामिल होंगी।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

Share this story