अर्जुन राम मेघवाल गुरुवार को वितरित करेंगे राष्ट्रीय युवा संसद प्रतियोगिता के पुरस्कार

WhatsApp Channel Join Now
अर्जुन राम मेघवाल गुरुवार को वितरित करेंगे राष्ट्रीय युवा संसद प्रतियोगिता के पुरस्कार


नई दिल्ली, 24 जून (हि.स.)। केंद्रीय विद्यालयों के लिए आयोजित 36वीं राष्ट्रीय युवा संसद प्रतियोगिता (2025-26) के पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन गुरुवार, 25 जून को संसद भवन परिसर के जीएमसी बालयोगी सभागार में किया जाएगा। संसदीय कार्य राज्यमंत्री अर्जुनराम मेघवाल समारोह की अध्यक्षता करेंगे और विजेता विद्यार्थियों तथा विद्यालयों को पुरस्कार प्रदान करेंगे।

संसदीय कार्य मंत्रालय ने बुधवार को बताया कि समारोह में राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त दिल्ली के प्रेसिडेंट स्टेट स्थित डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय विद्यालय के विद्यार्थी अपनी युवा संसद की बैठक का पुनः प्रदर्शन करेंगे।

संसदीय कार्य मंत्रालय पिछले 38 वर्षों से केंद्रीय विद्यालयों में युवा संसद प्रतियोगिता का आयोजन कर रहा है। वर्ष 2025-26 में आयोजित 36वीं प्रतियोगिता में देशभर के केंद्रीय विद्यालय संगठन के 25 क्षेत्रों के 200 विद्यालयों ने भाग लिया।

योजना का उद्देश्य विद्यार्थियों में आत्मानुशासन, विभिन्न विचारों के प्रति सहिष्णुता, लोकतांत्रिक मूल्यों तथा संसदीय परंपराओं के प्रति समझ विकसित करना है। इसके माध्यम से छात्रों को संसद की कार्यप्रणाली, वाद-विवाद की तकनीक, नेतृत्व क्षमता और प्रभावी वक्तृत्व कला का भी प्रशिक्षण मिलता है।

राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय विद्यालय को प्रतिष्ठित ‘सरदार वल्लभभाई पटेल रनिंग पार्लियामेंटरी शील्ड’ और ट्रॉफी प्रदान की जाएगी।

प्रतियोगिता के जोनल स्तर के विजेता विद्यालयों को भी सम्मानित किया जाएगा। इनमें केंद्रीय विद्यालय मथुरा कैंट (पश्चिम जोन), पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय नंबर-1 मदुरै (दक्षिण जोन), पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय नंबर-2 शिवाजी नगर भोपाल (मध्य जोन) तथा पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय, वायुसेना स्टेशन बोरझार, गुवाहाटी (पूर्व जोन) शामिल हैं।

इसके अलावा जम्मू, चंडीगढ़, गुरुग्राम, देहरादून, अहमदाबाद, जयपुर, मुंबई, रांची, जबलपुर, एर्नाकुलम, हैदराबाद, बेंगलुरु, लखनऊ, पटना, रायपुर, वाराणसी, तिनसुकिया, कोलकाता, सिलचर और भुवनेश्वर क्षेत्रों के 20 क्षेत्रीय विजेता केंद्रीय विद्यालयों को भी ट्रॉफियां प्रदान की जाएंगी।

समारोह में विभिन्न क्षेत्रों से आए छात्र-छात्राएं, शिक्षक, केंद्रीय विद्यालय संगठन के अधिकारी तथा संसदीय कार्य मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहेंगे।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Share this story