योगी सरकार का "परंपरा की रसोई" से कुपोषण पर वार, देवीपाटन मंडल की अनूठी पहल 

WhatsApp Channel Join Now

 कुपोषण के खिलाफ देवीपाटन का देसी मॉडल, सीएम की मंशा के अनुरूप परंपरा और विज्ञान को जोड़कर तैयार की पोषण किट

10,842 बच्चों को मिलेगी विशेष पोषण किट, मंडलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल की पहल से चार जिलों में शुरू हुआ 'परंपरा से पोषण' अभियान

 सीएसआर से खर्च होंगे 55 लाख रुपये, कुपोषण के खिलाफ अनूठी पहल करने वाला प्रदेश का बना पहला मंडल 

लखनऊ, 24 नवंबर: योगी सरकार प्रदेश में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को बेहतर बनाने और कुपोषण के खिलाफ लड़ाई को प्रभावी बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इसी क्रम में प्रदेश के देवीपाटन मंडल ने एक अनूठी पहल करते हुए कुपोषण से लड़ाई को स्थानीय परंपराओं और आधुनिक पोषण व्यवस्था से जोड़ने का अभिनव प्रयास किया है। देवीपाटन मंडलायुक्त द्वारा 'परंपरा से पोषण' नाम से शुरू पहल के तहत पारंपरिक खानपान, आयु के अनुसार पोषाहार और स्वास्थ्य संबंधी जरूरी सामग्रियों को एक विशेष पोषण किट में शामिल किया गया है। इस तरह की अनूठी पहल करने वाला देवीपाटन प्रदेश का पहला मंडल बना है। पहल का उद्देश्य केवल कुपोषित बच्चों को पोषण सामग्री उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि उनकी नियमित निगरानी कर उन्हें स्वस्थ विकास की दिशा में आगे बढ़ाना है।

पारंपरिक खानपान को बनाया कुपोषण से लड़ाई का हथियार
देवीपाटन मंडलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण जागरूकता और कुपोषण उन्मूलन पर जोर है। ऐसे में सीएम योगी की मंशा के अनुरूप देवीपाटन मंडल में पहल के तहत स्थानीय स्तर पर उपलब्ध संसाधनों, पारंपरिक खानपान और विभिन्न विभागों के समन्वय को एक साथ लाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि देवीपाटन मंडल के गोण्डा, बहराइच, बलरामपुर और श्रावस्ती जिलों में अभियान को लागू किया जा रहा है। इसके तहत 1 से 6 वर्ष तक के 10,842 पंजीकृत गंभीर तीव्र कुपोषित और मध्यम तीव्र कुपोषित बच्चों को लाभान्वित करने का लक्ष्य रखा गया है। इस पहल के लिए सीएसआर फंड से करीब 55 लाख रुपये खर्च किये जाएंगे।  अभियान के तहत प्रत्येक पोषण किट पर 500 रुपये का सीएसआर सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है। 'परंपरा से पोषण' पहल की सबसे खास बात यह है कि इसमें भारतीय पारंपरिक रसोई के ज्ञान को आधुनिक पोषण जरूरतों के साथ जोड़ा गया है। अभियान की मूल भावना 'अन्नं ब्रह्म' पर आधारित है। इसके तहत पोषण किट में लोहे की कढ़ाई, सत्तू और गुड़ जैसी पारंपरिक खाद्य सामग्रियों को शामिल किया गया है। लोहे की कढ़ाई में भोजन पकाने से खाने में आयरन की मात्रा बढ़ाने में मदद मिलती है। ऐसे में पारंपरिक रसोई के इस ज्ञान को एनीमिया और पोषण संबंधी समस्याओं से लड़ाई का हिस्सा बनाया गया है।

पोषण किट को तीन प्रमुख भागों में तैयार किया गया
मंडलायुक्त ने बताया कि पोषण किट को तीन प्रमुख भागों में तैयार किया गया है। पहले भाग में पारंपरिक खाद्य सामग्री के रूप में लोहे की कढ़ाई, एक किलोग्राम सत्तू और एक किलोग्राम गुड़ दिया जा रहा। दूसरे भाग में बाल विकास सेवा (आईसीडीएस) के माध्यम से आयु के अनुसार फोर्टिफाइड टेक होम राशन प्रीमिक्स उपलब्ध कराया जा रहा। वहीं तीसरे भाग में स्वास्थ्य विभाग की ओर से ओआरएस-जिंक, आयरन-फोलिक एसिड और विटामिन डी-3 की गोलियां शामिल की गई हैं। किट के तीनों भागों में पारंपरिक खानपान, पोषाहार और स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों को पूरा करने का प्रयास किया गया है। अभियान में बच्चों और महिलाओं की पोषण संबंधी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए अलग-अलग आयु वर्ग के लिए पोषाहार निर्धारित किया गया है। गर्भवती और धात्री महिलाओं के लिए सम्पूर्ण मातृ आहार के तहत आटा, बेसन और सोया बर्फी प्रीमिक्स तथा दलिया-मूंग दाल खिचड़ी प्रीमिक्स उपलब्ध कराया जा रहा। वहीं 6 से 12 माह के शिशुओं के लिए 'शिशु अमृत' और 'आरोग्य पोषण' नाम से सामान्य एवं ऊर्जा युक्त पोषाहार की व्यवस्था की गई है। इसमें आटा-बेसन हलवा प्रीमिक्स तथा ऊर्जा युक्त हलवा प्रीमिक्स शामिल हैं।

सत्यापन के बाद ही मिलेगा पोषण किट का लाभ
वहीं 1 से 3 वर्ष के बच्चों के लिए 'शिशु आहार' और 'बाल संजीवनी' के तहत सामान्य एवं ऊर्जा युक्त पोषण सामग्री दी जा रही। 3 से 6 वर्ष के बच्चों के लिए 'बाल पुष्टाहार' और 'सक्षम पोषण' की व्यवस्था की गई है। इसमें सामान्य श्रेणी के बच्चों को आटा-बेसन बर्फी और दलिया-मूंग दाल खिचड़ी प्रीमिक्स दी जा रही, जबकि गंभीर पोषण जरूरत वाले बच्चों के लिए ऊर्जा युक्त हलवा एवं दलिया उपलब्ध कराया जा रहा। इस व्यवस्था का उद्देश्य हर आयु वर्ग की जरूरत के मुताबिक पोषण उपलब्ध कराना है। अभियान में पारदर्शिता और वास्तविक लाभार्थियों तक सहायता पहुंचाने के लिए वितरण से पहले पांच चरणों की प्रक्रिया निर्धारित की गई है। सबसे पहले पोषण ट्रैकर पर पंजीकृत 1 से 6 वर्ष तक के बच्चों का सत्यापन किया जा रहा। राष्ट्रीय पोषण पुनर्वास केंद्र और स्वास्थ्य विभाग के अभिलेखों से उनका मिलान किया जा रहा। इसके बाद जनपद मुख्यालयों पर प्रथम चरण में पोषण किट का वितरण किया जा रहा। फिर विकासखंड स्तर पर सत्यापित बच्चों को किट उपलब्ध कराई जाएगी। पूरी प्रक्रिया में लाभार्थियों की पहचान और पात्रता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया है, ताकि निर्धारित सामग्री वास्तविक जरूरतमंद बच्चों तक पहुंचे।

Live VNS Desk
Live VNS Desk

23777 Articles

Trusted Journalism | Unbiased Reporting | Responsible Editorial Team Since 2013, Live VNS Desk has been committed to delivering fair, factual, and public-interest journalism. Our experienced editorial team oversees the selection, writing, editing, verification, and publication of news content, ensuring accuracy, credibility, and editorial integrity. In today's evolving digital landscape, we embrace modern technology, including Artificial Intelligence (AI), whenever appropriate. However, AI is used solely to assist with content writing, language refinement, and editorial efficiency?not to manipulate facts, spread misinformation, or promote any particular political or ideological agenda. Our principle is simple: Technology can assist journalism, but editorial responsibility must always remain with humans. Every piece of content, including AI-assisted material, is subject to human editorial oversight to maintain journalistic standards. our mission is to provide readers with accurate, balanced, credible, and impartial news. We prioritize facts over sensationalism, transparency over manipulation, and public interest above all else

Share this story