मां के निधन पर शिवराज के साथ खड़ा दिखा देश का राजनीतिक नेतृत्व, योगी आदित्यनाथ ने भोपाल पहुंचकर काशी बाई को दी श्रद्धांजलि

WhatsApp Channel Join Now
मां के निधन पर शिवराज के साथ खड़ा दिखा देश का राजनीतिक नेतृत्व, योगी आदित्यनाथ ने भोपाल पहुंचकर काशी बाई को दी श्रद्धांजलि


त्रयोदशी संस्कार में जुटे विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री और दिग्गज नेता

भोपाल, 12 नवंबर (हि.स.)। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की मां काशी बाई के निधन पर संवेदना व्यक्त करने के लिए देश के राजनीतिक, सामाजिक और धार्मिक जगत की प्रमुख हस्तियों का भोपाल पहुंचने का सिलसिला जारी है।

गुरुवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भोपाल पहुंचकर दिवंगत काशी बाई को श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर शिवराज सिंह चौहान को ढांढस बंधाया। एक मां के निधन से परिवार पर आए गहरे दुख की इस घड़ी में देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे नेताओं की उपस्थिति ने शिवराज परिवार के प्रति आत्मीयता और संवेदना का भाव प्रदर्शित किया।

उल्लेखनीय है कि शिवराज सिंह चौहान की माताजी काशी बाई का 30 अक्टूबर को निधन हो गया था। उनके त्रयोदशी संस्कार एवं शांति भोज का आयोजन गुरुवार को भोपाल के नर्मदापुरम रोड स्थित वृंदावन गार्डन में किया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यहां पहुंचकर काशी बाई के चित्र पर पुष्प अर्पित किए और भावभीनी श्रद्धांजलि दी। उन्होंने परिवार के सदस्यों से भेंट कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। इस दौरान उन्होंने शिवराज सिंह चौहान की पोती इला को भी स्नेहपूर्वक दुलार किया।

योगी आदित्यनाथ ने दिवंगत पुण्यात्मा की शांति के लिए प्रभु श्रीराम से प्रार्थना करते हुए कहा कि भगवान उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिवार को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। उनके साथ उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह और पूर्व मंत्री डॉ. महेंद्र सिंह भी मौजूद रहे। योगी की इस यात्रा को शिवराज सिंह चौहान के प्रति उनके व्यक्तिगत संबंधों और राजनीतिक आत्मीयता के संदर्भ में भी देखा जा रहा है।

कई राज्यों के शीर्ष नेतृत्व की उपस्थिति

त्रयोदशी एवं शांति भोज कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा भी पहुंचे। सभी नेताओं ने काशी बाई के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। हरियाणा के कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने भी कार्यक्रम में पहुंचकर दिवंगत माताजी को पुष्पांजलि अर्पित की।

छत्तीसगढ़ से उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा और अरुण साव के साथ मंत्री रामविचार नेताम ने भी भोपाल पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त की। तीनों नेताओं ने शिवराज सिंह चौहान से भेंट कर परिवार के प्रति अपनी सहानुभूति प्रकट की। विभिन्न राज्यों के राजनीतिक प्रतिनिधियों की मौजूदगी ने इस आयोजन को राष्ट्रीय स्तर पर व्यापक उपस्थिति वाला कार्यक्रम बना दिया।

राजनीतिक सीमाओं से परे दिखी आत्मीयता

कार्यक्रम में मध्य प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं और जनप्रतिनिधियों की भी बड़ी उपस्थिति रही। पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी, मंत्री तुलसी सिलावट, राव उदय प्रताप सिंह, विधायक प्रभुराम चौधरी और गोपाल सिंह इंजीनियर ने पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की। पूर्व मंत्री जयंत मलैया अपने बेटे और बहू के साथ कार्यक्रम में शामिल हुए। सांसद भारती पारदी, पूर्व सांसद राजबहादुर सिंह और जयस के राष्ट्रीय संरक्षक एवं कांग्रेस विधायक हीरालाल अलावा ने भी पहुंचकर काशी बाई को श्रद्धासुमन अर्पित किए।

इस अवसर पर विभिन्न राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों से जुड़े लोगों की मौजूदगी भी उल्लेखनीय रही। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक राजकुमार मटाले, भाजपा के संगठन महामंत्री चंद्रशेखर तिवारी और तमिलनाडु भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नागेंद्रन ने भी श्रद्धांजलि दी। मध्य प्रदेश के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (रेल) राजाबाबू सिंह भी कार्यक्रम में पहुंचे।

धार्मिक और सामाजिक जगत ने भी जताई संवेदना

काशी बाई को श्रद्धांजलि देने के लिए धार्मिक एवं सामाजिक क्षेत्र की प्रमुख हस्तियां भी पहुंचीं। करुणा धाम के पीठाधीश्वर सुदेश शांडिल्य ने पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। क्रिश्चियन धर्मगुरुओं ने भी कार्यक्रम में उपस्थित होकर दिवंगत आत्मा के प्रति सम्मान व्यक्त किया। लिबर्टी शूज के निदेशक और शिवराज सिंह चौहान के समधी-समधन भी शोक संवेदना व्यक्त करने पहुंचे।

दरअसल, शिवराज सिंह चौहान का सार्वजनिक जीवन जितना व्यापक रहा है, उनकी पारिवारिक और सामाजिक जड़ें भी उतनी ही गहरी रही हैं। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में लंबे कार्यकाल और अब केंद्र सरकार में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाने के दौरान उन्होंने देशभर के राजनीतिक नेतृत्व के साथ कार्य किया है। ऐसे में मातृशोक की घड़ी में विभिन्न राजनीतिक दलों, राज्यों और सामाजिक क्षेत्रों से जुड़े लोगों की उपस्थिति उनके व्यापक संपर्कों और व्यक्तिगत संबंधों का भी परिचायक है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. मयंक चतुर्वेदी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775758 Articles

Share this story