विश्व रिकॉर्ड बनाने के लिए 14 जून को ऑनलाइन योग सत्र का आयोजन

WhatsApp Channel Join Now
विश्व रिकॉर्ड बनाने के लिए 14 जून को ऑनलाइन योग सत्र का आयोजन


नई दिल्ली, 13 जून (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस से पहले आयुष मंत्रालय रविवार को विश्व रिकॉर्ड बनाने के लिए ऑनलाइन योग सत्र का आयोजन करने जा रहा है। यह कार्यक्रम आयुष मंत्रालय और हबिल्ड हेल्थ टेक द्वारा आयोजित किया जा रहा है। यह आयोजन सबसे बड़े एक साथ ऑनलाइन योग सत्र का गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने के उद्देश्य से किया जा रहा है। कार्यक्रम में भाग लेने के लिए इच्छुक लोग 1800-315-7008 पर मिस्ड कॉल देकर पंजीकरण कर सकते हैं। पंजीकरण के बाद प्रतिभागियों को व्हाट्सऐप के माध्यम से ऑनलाइन सत्र का लिंक भेजा जाएगा।

इसके साथ मंत्रालय ने वेबसाइट का लिंक भी जारी करते हुए ज्यादा से ज्यादा लोगों से भाग लेने की अपील की।

आयुष मंत्री प्रतापराव जाधव ने शनिवार को सोशल मीडिया मंच पर साझा किए अपने संदेश में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में आयुष मंत्रालय और मोरारजी देसाई राष्ट्रीय योग संस्थान मिलकर एक नया इतिहास रचने जा रहे हैं। एक साथ सबसे अधिक लोगों द्वारा ऑनलाइन योग सत्र में भाग लेने के इस गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड के प्रयास का हिस्सा बनेंगे।

स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग थीम के तहत यह ऐतिहासिक आयोजन 14 जून को सुबह 6:15 बजे से 7:35 बजे तक होगा। उन्होंने सभी देशवासियों से वैश्विक स्वास्थ्य और कल्याण के लिए एकजुट होकर योग कार्यक्रम का

सहभागी बनने के लिए http://moa.habit.yoga पर रजिस्टर करने का आह्वान किया।

उल्लेखनीय है कि आज अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 के उपलक्ष्य में आयुष मंत्रालय की गंगोत्री से गंगा सागर तक श्रृंखला के तहत गंगोत्री धाम में एक विशेष योग सत्र का सफल आयोजन किया गया। पवित्र गंगा तट पर योग और ध्यान का यह संगम असीम शांति व ऊर्जा प्रदान करने वाला रहा।

यह आध्यात्मिक कार्यक्रम मोरारजी देसाई राष्ट्रीय योग संस्थान के तत्वावधान और संस्कार योगशाला के साथ आयोजित किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

Share this story