देश के 780 जिलों में 3 करोड़ से ज्यादा लोगों ने किया योग
नई दिल्ली, 23 जून (हि.स.)। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर इस बार देश और दुनिया भर में रिकॉर्ड भागीदारी देखने को मिली। आयुष मंत्रालय के अनुसार देश के 36 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 780 जिलों में 3.07 करोड़ से अधिक लोगों ने योग कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। वहीं, 7.64 लाख से अधिक संगठनों ने इस राष्ट्रव्यापी अभियान में भागीदारी की।
इस वर्ष योग दिवस की थीम “स्वस्थ आयु के लिए योग” रही।
मंगलवार को आयुष मंत्रालय ने विज्ञप्ति जारी कर बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कोलकाता के ऐतिहासिक रेड रोड पर आयोजित मुख्य कार्यक्रम में योग सत्र का नेतृत्व किया, जिसमें करीब 35 हजार लोगों ने भाग लिया।
योग दिवस का उत्साह भारत की सीमाओं से परे भी दिखाई दिया। अमेरिका, फ्रांस, जर्मनी, मिस्र सहित कई देशों में योग कार्यक्रम आयोजित हुए। यूनाइटेड नेशन मुख्यालय, न्यूयॉर्क सहित दुनिया के प्रमुख शहरों में लोगों ने योग कर स्वास्थ्य और सद्भाव का संदेश दिया।
देशभर में भी ऐतिहासिक और सांस्कृतिक स्थलों पर विशेष योग सत्र आयोजित किए गए। इनमें लालकिला, कोनार्क, सूर्य मंदिर, हम्पी, गेटवे ऑफ इंडिया, चारमीनार और नालंदा महाविहारा जैसे प्रतिष्ठित स्थल शामिल रहे।
आयुष मंत्रालय ने बताया कि योग संगम पोर्टल पर देशभर से 7.46 लाख से अधिक तस्वीरें अपलोड की गईं और 2.66 लाख से अधिक सहभागिता प्रमाण-पत्र जारी किए गए। पश्चिम बंगाल, राजस्थान, मध्य प्रदेश, असम और उत्तर प्रदेश संगठनात्मक भागीदारी में अग्रणी रहे।
रक्षा मंत्रालय ने भी सियाचिन ग्लेशियर से लेकर कन्याकुमारी और समुद्री क्षेत्रों तक योग कार्यक्रम आयोजित किए। वहीं, राष्ट्रीय कैडेट कोर के 83 लाख से अधिक कैडेटों ने 5,000 से ज्यादा स्थानों पर सामूहिक योग सत्रों में हिस्सा लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

