(लीड) यमुना में शुरू हुई दिल्ली की पहली रिवर क्रूज सेवा, 30 यात्रियों की क्षमता वाला इलेक्ट्रिक जहाज चलेगा

WhatsApp Channel Join Now
(लीड) यमुना में शुरू हुई दिल्ली की पहली रिवर क्रूज सेवा, 30 यात्रियों की क्षमता वाला इलेक्ट्रिक जहाज चलेगा






नई दिल्ली, 10 नवंबर (हि.स.)। दिल्ली में यमुना नदी पर पहली मनोरंजक क्रूज सेवा शुरू हो गई है। केंद्रीय बंदरगाह, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने मंगलवार को दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की मौजूदगी में सोनिया विहार-जगतपुर खंड पर इस सेवा का उद्घाटन किया। 30 यात्रियों की क्षमता वाला इलेक्ट्रिक क्रूज करीब छह किलोमीटर के क्षेत्र में नदी की सैर कराएगा। इस पहल का उद्देश्य दिल्ली में नदी पर्यटन को बढ़ावा देना और यमुना को पर्यटन एवं मनोरंजन के नए केंद्र के रूप में विकसित करना है।

कार्यक्रम में केंद्रीय बंदरगाह, पोत परिवहन और जलमार्ग राज्य मंत्री शांतनु ठाकुर, सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा, दिल्ली सरकार के लोक निर्माण और सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण मंत्री प्रवेश साहिब सिंह, पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा, वन एवं पर्यावरण और उद्योग मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा तथा सांसद मनोज तिवारी मौजूद रहे। केंद्रीय बंदरगाह, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय के सचिव विजय कुमार, दिल्ली के मुख्य सचिव राजीव वर्मा और भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण के अध्यक्ष सुशील कुमार लोहानी सहित केंद्र और दिल्ली सरकार के वरिष्ठ अधिकारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

सोनोवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश की नदियां और अंतर्देशीय जलमार्ग आर्थिक विकास, पर्यटन और टिकाऊ संपर्क के महत्वपूर्ण माध्यम बन रहे हैं। यमुना पर क्रूज सेवा की शुरुआत दिल्ली में नदी पर्यटन की नई लहर का संकेत है। सरकार नदियों की क्षमता का उपयोग पर्यटन, व्यापार और रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए कर रही है।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि यमुना दिल्ली के इतिहास, संस्कृति और पहचान का अभिन्न हिस्सा है। क्रूज सेवा से दिल्ली के निवासियों और पर्यटकों को नदी को नए तरीके से देखने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार यमुना के किनारे को बेहतर सुविधाओं और टिकाऊ बुनियादी ढांचे के साथ आकर्षक सार्वजनिक स्थल के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

इस परियोजना को व्यापक पर्यटन और मनोरंजन स्थल के रूप में विकसित किया गया है। यहां संगीतमय फव्वारे के साथ रोशनी और ध्वनि का विशेष कार्यक्रम होगा। इसमें यमुना के इतिहास और धार्मिक महत्व को दर्शाया जाएगा। इसमें सूर्य देव, यम और भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं के साथ कालिया दमन की कथा भी दिखाई जाएगी।

परियोजना में खानपान केंद्र, खरीदारी क्षेत्र, बच्चों के खेलने की जगह और स्केटिंग तथा रॉक क्लाइंबिंग जैसी साहसिक गतिविधियों की सुविधाएं भी विकसित की गई हैं। इसके अलावा तैरते हुए जेटी, टिकट काउंटर, ऑनलाइन टिकट बुकिंग, शौचालय, प्रतीक्षालय और रोशनी से युक्त पहुंच मार्ग बनाए गए हैं।

यमुना को राष्ट्रीय जलमार्ग अधिनियम, 2016 के तहत राष्ट्रीय जलमार्ग-110 घोषित किया गया है। इस क्रूज सेवा को भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण ने बंदरगाह, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय के तहत दिल्ली विकास प्राधिकरण, दिल्ली पर्यटन एवं परिवहन विकास निगम, दिल्ली जल बोर्ड और दिल्ली सरकार के सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग के सहयोग से विकसित किया है।

मंत्रालय के अनुसार, देश के राष्ट्रीय जलमार्गों पर माल परिवहन वर्ष 2013-14 के 1.8 करोड़ मीट्रिक टन से बढ़कर वर्ष 2025-26 में 21.8 करोड़ मीट्रिक टन हो गया है। जलमार्ग से माल ढुलाई की लागत प्रति टन किलोमीटर करीब 1.06 रुपये है, जबकि रेल से 1.41 रुपये और सड़क से 2.28 रुपये है।

देश में नदी क्रूज पर्यटन का भी विस्तार हुआ है। रात में यात्रा कराने वाले नदी क्रूज जहाजों की संख्या वर्ष 2013-14 के पांच से बढ़कर वर्ष 2025-26 में 26 हो गई है। एमवी गंगा विलास की यात्रा को लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दुनिया की सबसे लंबी नदी क्रूज यात्रा के रूप में दर्ज किया गया है। इसने भारत और बांग्लादेश में 3,200 किलोमीटर से अधिक की दूरी तय करते हुए 50 पर्यटन स्थलों को जोड़ा था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775021 Articles

Share this story