यमुना एक्सप्रेसवे पर अनियंत्रित ट्रक डिवाइडर तोड़कर कार से टकराया, चार की मौत

WhatsApp Channel Join Now
यमुना एक्सप्रेसवे पर अनियंत्रित ट्रक डिवाइडर तोड़कर कार से टकराया, चार की मौत


नोएडा, 30 अगस्त (हि.स.)। थाना जेवर क्षेत्र के यमुना एक्सप्रेसवे पर एक अनियंत्रित ट्रक डिवाइडेड तोड़ता हुआ दूसरी तरफ से जा रही कार से जा टकराया। इस घटना में कार में सवार चार लोगों की मौत हो गई है। दुर्घटना इतनी भयावह थी कि इस घटना के चलते यमुना एक्सप्रेसवे पर 04 किलोमीटर लंबा जाम लग गया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने क्रेन और कटर की सहायता से कार के अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला तथा उन्हें अस्पताल भेजा, जहां पर डॉक्टर ने उनको मृत घोषित कर दिया।

अपर पुलिस उपायुक्त ग्रेटर नोएडा संतोष कुमार ने बताया कि रविवार की देर रात को यमुना एक्सप्रेसवे पर एक ट्रक अनियंत्रित होकर डिवाइडर तोड़ते हुए दूसरी तरफ से जा रही कार में जा टकराया। इस घटना में कार पूरी तरह से पिचक गई। कार में सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्होंने बताया कि मौके पर पहुंची पुलिस ने क्रेन और कटर की सहायता से कार में फंसे लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां पर डॉक्टरों ने चारों को मृत घोषित कर दिया है।

उन्होंने बताया कि पुलिस मृतकों की पहचान कराने का प्रयास कर रही है। उन्होंने बताया कि ट्रक ने कुछ और वाहनों को भी टक्कर मारी है। उन्होंने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर जाम खुलवाया जा रहा है। इस घटना के चलते करीब 04 किलोमीटर लंबा जाम यमुना एक्सप्रेसवे पर लग गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी

Share this story