लोकसभा अध्यक्ष और राजनाथ सिंह ने विश्व पर्यटन दिवस पर दी शुभकामनाएं

WhatsApp Channel Join Now
लोकसभा अध्यक्ष और राजनाथ सिंह ने विश्व पर्यटन दिवस पर दी शुभकामनाएं


नई दिल्ली, 27 सितंबर (हि.स.)। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह व अन्य ने रविवार को विश्व पर्यटन दिवस पर देश-विदेश के पर्यटकों का शुभकामनाएं दी।

ओम बिरला ने एक्स पर लिखा, विश्व पर्यटन दिवस पर सभी को हार्दिक शुभकामनाएं। पर्यटन का अर्थ केवल घूमना-फिरना या दर्शनीय स्थल देखना ही नहीं है, बल्कि यह हमारी विरासत, संस्कृति, प्रकृति और परंपराओं को जानने और उनसे जुड़ने का एक अवसर भी है। 'विविधता में एकता' का प्रतीक भारत और 'पधारो म्हारे देस' की भावना वाला राजस्थान, आज दुनिया भर के पर्यटकों की पहली पसंद बने हुए हैं। यहां के किले, महल और मंदिरों से लेकर लोक कलाएं, जीवंत संस्कृति और गर्मजोशी भरा आतिथ्य सब कुछ मन को मोह लेने वाला है।

उन्होंने कहा, राजस्थान की समृद्ध विरासत में कोटा-बूंदी और पूरे हाड़ौती क्षेत्र की अपनी एक विशिष्ट पहचान है। चंबल की सुंदरता, ऐतिहासिक किले और महल, बावड़ियाँ, चित्रकला, कोटा डोरिया और यहां की जीवंत लोक संस्कृति हर किसी का दिल जीत लेती है। इस विश्व पर्यटन दिवस पर, राजस्थान और कोटा-बूंदी को केवल देखें ही नहीं... बल्कि इसे महसूस करें, समझें और इसकी विरासत से जुड़ें।

राजनाथ सिंह ने कहा कि प्राचीन मंदिरों और ऐतिहासिक स्मारकों से लेकर देश के प्राकृतिक अजूबों और सांस्कृतिक परंपराओं तक, भारत दुनिया को अपनी सभ्यतागत विरासत की एक बेमिसाल यात्रा का अनुभव कराता है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में, भारत का पर्यटन क्षेत्र नई गति पकड़ रहा है। इसमें कनेक्टिविटी, विश्व-स्तरीय बुनियादी ढांचे, विरासत के संरक्षण और भारत की विविध पर्यटन क्षमता को दुनिया के सामने लाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। भारत के नागरिकों की सामूहिक कोशिशों से देश को एक ऐसा पर्यटन स्थल बना रहे जो पर्यटकों का स्वागत करने वाला, जिम्मेदार और दुनिया भर में पसंद किया जाने वाला हो।

केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा कि पर्यटन अलग-अलग तरह के लोगों, संस्कृतियों और समाजों के बारे में जानकारी बढ़ाने में अहम भूमिका निभाता है। मोदी के नेतृत्व में, भारत यात्रा के शौकीनों के लिए एक सुरक्षित और विकसित डेस्टिनेशन के तौर पर उभरा है। उन्होंने दुनिया भर के यात्रियों से अपील की कि वे भारत आएं और यहां के मूल्यों, स्वाद तथा यादों को अपने साथ ले जाएं, जिन्हें वे जीवन भर संजोकर रख सकें।

केन्द्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्गमंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि पर्यटन लोगों, संस्कृतियों और समुदायों को जोड़ता है, साथ ही रोज़गार के अवसर पैदा करता है और सीमाओं के पार आपसी समझ को बढ़ावा देता है। आइए, हम ऐसे ज़िम्मेदार, टिकाऊ और समावेशी पर्यटन को बढ़ावा दें जो आने वाली पीढ़ियों के लिए हमारी विरासत को सुरक्षित रखे। भारत, अपनी अद्भुत विविधता वाले परिदृश्यों, परंपराओं, इतिहास और जीवंत संस्कृतियों के साथ, खोज की एक यादगार यात्रा का अनुभव कराता है।

केन्द्रीय संस्कृति एवं पर्यटनमंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा कि आज पर्यटन का मतलब सिर्फ अलग-अलग जगहों की यात्रा करना ही नहीं है। यह रोजगार, स्थानीय अर्थव्यवस्था और विकास का एक मजबूत आधार भी बनता जा रहा है। प्रधानमंत्री मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में, पर्यटन को 'विकसित भारत' के लिए एक आर्थिक शक्ति बनाने की दिशा में बड़े पैमाने पर प्रयास किए जा रहे हैं। भारत की समृद्ध विरासत, संस्कृति और प्राकृतिक विविधता देश के लाखों युवाओं के लिए नए अवसरों का जरिया बनें यही उनका मुख्य उद्देश्य है। इस अवसर पर आप भारत को दुनिया का प्रमुख पर्यटन स्थल बनाने का संकल्प मजबूत करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

Share this story