मालदा में गृह मंत्री पर आपत्तिजनक टिप्पणी के आरोप में महिला कंटेंट क्रिएटर गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now

मालदा, 11 जुलाई (हि. स.)। मालदा जिले के चांचल क्षेत्र में सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। देश के गृह मंत्री के खिलाफ कथित तौर पर आपत्तिजनक और अशोभनीय टिप्पणी करने के आरोप में पुलिस ने शनिवार को एक महिला कंटेंट क्रिएटर को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, आरोपित की पहचान मुसु यासमीन के रूप में हुई है, जो चांचल थाना क्षेत्र के मुबारकपुर इलाके की निवासी है। यह कार्रवाई भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की शिकायत के आधार पर करीब 12 घंटे के भीतर की गई।

भाजपा नेताओं का आरोप है कि मुसु यासमीन लंबे समय से सोशल मीडिया पर राष्ट्रवाद और हिंदुत्व विरोधी वीडियो पोस्ट करती रही हैं। हाल ही में उन्होंने बांग्लादेश सीमा मुद्दे से जुड़े एक वीडियो में गृह मंत्री को लेकर आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया, जिसके बाद शुक्रवार शाम को चांचल थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की और शनिवार को आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।

भाजपा नेताओं ने यह भी आशंका जताई है कि इस तरह के वीडियो के पीछे कोई संगठित देश विरोधी नेटवर्क सक्रिय हो सकता है, जिसकी निष्पक्ष जांच की जानी चाहिए।

वहीं, पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है, हालांकि जांच के हित में फिलहाल ज्यादा जानकारी साझा नहीं की गई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, आगे की कार्रवाई अदालत के निर्देशानुसार की जाएगी।--------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

Share this story