सामान के साथ मिली प्लास्टिक थैलियों का क्या करती हैं आप? फेंकने के बजाय करें ये 7 काम
बाजार से जब भी हम सामान खरीदने जाते हैं, तो दुकानदार पॉलिथीन देता है। ऐसे में कुछ ही दिनों के भीतर ढेर सारी प्लास्टिक थैलियां इकट्ठी हो जाती हैं। अक्सर लोग इन्हें बेकार समझकर कूड़े में फेंक देते हैं। मगर क्या आपको पता है कि आप इनका इस्तेमाल न केवल सामान रखने बल्कि डोरमैट बनाने, गमले ढकने और सफर में जूते-चप्पल पैक करने के लिए भी कर सकती हैं? आज के इस लेख में हम आपको पॉलिथीन के कुछ ऐसे ही कमाल के जुगाड़ बताने जा रहे हैं।
पॉलिथीन के 7 रीयूज आइडिया
घर में सामान के साथ जमा होने वाली प्लास्टिक थैलियों को कूड़े में फेंकने के बजाय आप कई स्मार्ट तरीकों से दोबारा इस्तेमाल कर सकती हैं। नीचे जानें ऐसे ही जुगाड़, जो आपके घर के कई रोजमर्रा के कामों को आसान बना सकती हैं।

1. छोटे डस्टबिन के लिए गार्बेज बैग बनाएं
रसोई, बाथरूम या बेडरूम के छोटे डस्टबिन में बाजार से महंगे गारबेज बैग खरीदकर लाने की जरूरत नहीं है। सामान के साथ मिलने वाली प्लास्टिक थैलियों को डस्टबिन के अंदर बिछाएं। इससे डस्टबिन अंदर से गंदा नहीं होगा और कचरा फेंकते समय आपको बस थैली उठाकर बाहर फेंकनी होगी।
इससे डस्टबिन को बार-बार धोने की झंझट खत्म हो जाएगी। इसके अलावा गीला कचरा, चाय पत्ती या इस्तेमाल किए गए सेनेटरी पैड को प्लास्टिक थैली में बांधकर कूड़ेदान में डालें।
2. पौधों को ठंड और कीड़ों से बचाने के लिए
अगर आपके घर में छोटे गमले या पौधे हैं, तो प्लास्टिक की थैलियां उन्हें सुरक्षा देने का काम कर सकती हैं। सर्दियों के मौसम में तेज ओस से पौधों को बचाने के लिए रात के समय उन पर पॉलिथीन ढक दें। इसके अलावा, नए लगाए गए पौधों पर हल्की थैली ढकने से उन पर कीड़े-मकोड़े हमला नहीं कर पाते और पौधा तेजी से बढ़ता है।
3. नाजुक कांच के सामान की पैकिंग में इस्तेमाल के लिए
घर शिफ्ट करते समय या कांच के बर्तन, कप और शो-पीस किसी अलमारी में संभालकर रखते वक्त उनके टूटने का डर रहता है। ऐसे नाजुक सामानों के चारों ओर प्लास्टिक थैलियों को अच्छे से लपेटकर रखें। थैलियां कुशन की तरह काम करती हैं, जिससे सामान आपस में टकराकर टूटता नहीं है।

4. बरसात में कीमती सामान रखने में आएगा काम
बारिश के दिनों में जब भी आप घर से बाहर निकलें, अपने साथ 2-3 प्लास्टिक थैलियां जरूर रखें। नीचे जानें क्यों?
अचानक बारिश होने पर आप अपने मोबाइल, वॉलेट, जरूरी कागजात या घड़ी को थैली के अंदर लपेटकर अपने बैग में रख सकती हैं।
इससे पानी बैग के अंदर जाने पर भी आपका कीमती सामान पूरी तरह सुरक्षित और सूखा रहेगा।

5. यात्रा के दौरान जूते-चप्पल पैक करें
कपड़े और जूतों को ट्राली बैग में एक साथ रखने में झिझक होती है। इस समस्या को दूर करने के लिए आप प्लास्टिक थैली का इस्तेमाल कर सकती हैं।
इसके लिए जूतों, सैंडल या चप्पल को प्लास्टिक की थैली में अलग से पैक करके बैग में रखें।
इससे जूतों की धूल-मिट्टी से आपके साफ कपड़े गंदे नहीं होंगे और सूटकेस में सामान सेट रहेगा।
इसके अलावा गीले कपड़ों को रखने के लिए भी कर सकती हैं।
6. होम डेकोर आइटम बनाने के लिए करें इस्तेमाल
प्लास्टिक की थैलियों से खूबसूरत होम डेकोर आइटम्स बना सकती हैं। इसके लिए आपको अलग-अलग रंग की पन्नियां चाहिए। जानें इससे क्या बना सकती हैं?
इसके लिए रंग-बिरंगी पॉलीथीन को बारीक पट्टियों में काटकर उनसे सुंदर नकली फूल और तोरण बना सकती हैं।
अगर आपको बुनाई आता है तो थैलियों की पट्टियों को गूंथकर छोटे प्लांट बास्केट बना सकती हैं।
घर में जानवर है, तो उसके लिए डोरमैट बना सकती हैं।
7. पॉलिथीन रखने के लिए बनाएं स्टोरेज
घर में फैली प्लास्टिक की थैलियों को संभालने के लिए आप पुरानी पॉलीथीन से ही एक बड़ा स्टोरेज बैग तैयार कर सकती हैं।
इसके लिए एक बड़ी और मजबूत पॉलिथीन लें।
फिर निचले हिस्से के कोने में एक छोटा सा गोल छेद काट लें।
अब इसे रसोई की दीवार या अलमारी के पीछे टांग दें।
ऊपर के बड़े मुंह से बाकी सभी थैलियां अंदर डालते जाएं।
जब भी आपको थैली की जरूरत हो, नीचे के छेद से एक-एक करके आसानी से खींचकर निकाल लें।
इससे थैलियां बिखरी नहीं रहेंगी और जगह भी बचेगी।

