पुरुलिया के जंगल में माओवादियों के ठिकाने से हथियारों का जखीरा बरामद

WhatsApp Channel Join Now

पुरुलिया, 13 अक्टूबर (हि.स.)। पुरुलिया जिले में माओवादियों के खिलाफ अभियान के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बांदोवान के घने जंगल में तलाशी अभियान चलाकर तीन राइफल, एक रिवॉल्वर और 36 कारतूस बरामद किए गए हैं। मंगलवार को जिला पुलिस अधीक्षक कुमार सानी राज ने पत्रकार वार्ता कर इसकी जानकारी दी।

पुलिस अधीक्षक के अनुसार, पिछले कुछ महीनों में माओवादियों के खिलाफ अभियान के दौरान कई महत्वपूर्ण सफलताएं मिली हैं। कई माओवादियों ने आत्मसमर्पण किया है, जबकि कुछ को गिरफ्तार किया गया है। झारखंड में मुठभेड़ के दौरान माओवादियों के मारे जाने की घटनाओं के बाद बंगाल-झारखंड सीमा से सटे जंगलों में निगरानी बढ़ा दी गई थी।

इस अभियान में कोलकाता एसटीएफ, बांंकुड़ा जिला पुलिस, झालदा महकमा पुलिस, पुरुलिया जिला पुलिस की एंटी-माओवादी सेल, सीआईएफ और सीआरपीएफ के जवान शामिल थे। तलाशी के दौरान तीन .315 बोर की बोल्ट-एक्शन राइफल, एक .38 बोर का रिवॉल्वर और 36 कारतूस बरामद हुए।

पुलिस के मुताबिक, बरामद कारतूस लंबी दूरी तक मार करने में सक्षम हैं।पुलिस ने बताया कि झारखंड पुलिस द्वारा मदन, रवि और मीरा नामक तीन माओवादियों को गिरफ्तार किए जाने के बाद पूछताछ में कुछ अहम सुराग मिले थे। इन्हीं सुरागों के आधार पर झालदा के एसडीपीओ गौरव घोष के नेतृत्व में बांदोवान और आसपास के जंगलों में तलाशी अभियान चलाया गया।

पुलिस का मानना है कि बरामद हथियार पूर्व माओवादी कैडरों द्वारा जंगल में छिपाकर छोड़े गए थे। बंगाल-झारखंड सीमा के जंगलों में अन्य हथियार भी छिपे होने की आशंका है। पुलिस के अनुसार, आने वाले डेढ़ महीने में और हथियार बरामद हो सकते हैं। तलाशी अभियान जारी है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

760180 Articles

Share this story