छत्तीसगढ़ के सुकमा में बड़े नक्सली डंप से 13 हथियार, 208 डेटोनेटर और विस्फोटक बरामद
सुकमा, 12 अक्टूबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में सुरक्षाबलों द्वारा लगातार चलाये जा रहे सर्चिंग अभियान के तहत साेमवार काे किस्टाराम थाना क्षेत्र के ग्राम पालाचलमा के दुर्गम पहाड़ी-जंगल क्षेत्र में नक्सलियों द्वारा पूर्व में छिपाकर रखे गए नक्सली डम्प का पता चला। सुरक्षाबलों ने डम्प से कुल 13 हथियार, 46 जिंदा राउंड, बीजीएल लॉन्चर, 208 नॉन-इलेक्ट्रिक डेटोनेटर तथा विस्फोटक सामग्री और अन्य नक्सली उपयोग की वस्तुएं बरामद की गई है।
इसकी पुष्टि सुकमा एसपी मयंक गुर्जर ने आज करते हुए कहा कि जिले में शांति, सुरक्षा और विकास का वातावरण मजबूत बनाए रखने के उद्देश्य से दुर्गम जंगलों एवं पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार एरिया डोमिनेशन और सर्चिंग अभियान चलाए जा रहे हैं। नक्सलियों द्वारा पूर्व में छिपाकर रखे गए हथियारों, गोला-बारूद, विस्फोटकों और अन्य सामग्री के डम्प की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार पुलिस अधीक्षक मयंक गुर्जर एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (नक्सल ऑप्स) रोहित शाह के मार्गदर्शन में यह अभियान संचालित किया गया। आत्मसमर्पित नक्सलियों से प्राप्त महत्वपूर्ण खुफिया जानकारी के आधार पर 12 अक्टूबर 2026 को जिला बल, डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड और बस्तर फाइटर्स की संयुक्त टीम ने पालाचलमा के पहाड़ी-जंगल क्षेत्र में एरिया डोमिनेशन एवं सर्चिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान संयुक्त टीम ने संदिग्ध क्षेत्र की सघन तलाशी ली। इस दौरान नक्सलियों द्वारा पूर्व में छिपाकर रखे गए डम्प से विभिन्न प्रकार के हथियार, बीजीएल लॉन्चर, जिंदा कारतूस, डेटोनेटर और संचार उपकरण बरामद किए गए। पुलिस द्वारा बरामद सामग्री को सुरक्षित तरीके से जब्त कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस द्वारा जारी सूची के अनुसार- 303 रायफल 02 नग, सिंगल शॉट हथियार 01 नग, बीजीएल लॉन्चर 04 नग, 12 बोर रायफल 03 नग, भरमार बंदूक 02 नग, देशी कट्टा 01 नग, इंसास मैगजीन 03 नग, जिनमें 26 जिंदा राउंड बताए गए हैं, 12 बोर के जिंदा राउंड 20 नग, तीर बम 01 नग, बीजीएल सेल 02 नग, वायरलेस सेट 01 नग, वायरलेस सेट चार्जर 02 नग, नॉन-इलेक्ट्रिक डेटोनेटर 208 नग, मैगजीन पाउच 01 नग, 303 रायफल के खाली खोखे 02 नग, इंसास रायफल के खाली खोखे 02 नग, एके-47 रायफल के खाली खोखे 03 नग, 12 बोर के खाली खोखे 02 नग बरामद किया गया है।
-----
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

