बंगाल के सोनारपुर में सांसद अभिषेक बनर्जी का जबरदस्त विरोध, अंडे-जूते फेंके गए, लगे ‘चोर-चोर’ के नारे

WhatsApp Channel Join Now
बंगाल के सोनारपुर में सांसद अभिषेक बनर्जी का जबरदस्त विरोध, अंडे-जूते फेंके गए, लगे ‘चोर-चोर’ के नारे


कोलकाता, 30 मई (हि.स.)। पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के बाद हुई हिंसा से प्रभावित तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ताओं के परिवारों से मिलने दक्षिण 24 परगना जिले के सोनारपुर पहुंचे पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव व लाेकसभा सांसद अभिषेक बनर्जी को शनिवार को विरोध प्रदर्शन का सामना करना पड़ा। प्रदर्शनकारियों ने उनके खिलाफ नारेबाजी की। इस दाैरान प्रदर्शनकारियों ने अंडे और जूते फेंके तथा कथित तौर पर धक्का-मुक्की की भी खबरें सामने आई हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सोनारपुर में प्रवेश के दौरान अभिषेक बनर्जी चारपहिया वाहन छोड़कर मोटरसाइकिल से आगे बढ़ रहे थे। इसी दौरान प्रदर्शनकारियों की भीड़ ने उनका रास्ता घेर लिया। स्थिति तनावपूर्ण होने पर उन्होंने सुरक्षा के मद्देनजर किक्रेट हेलमेट पहन लिया और अपना कार्यक्रम जारी रखा। बताया जा रहा है कि विरोध के दौरान उन पर अंडे और जूते भी फेंके गए तथा उनकी शर्ट के बटन टूट गए।

अभिषेक बनर्जी के सोनारपुर पहुंचने से पहले ही विभिन्न स्थानों पर विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया था। कई लोग काले झंडे लेकर “गो बैक” के नारे लगा रहे थे। पाटुली के ढालाई ब्रिज से लेकर सोनारपुर के कामराबाद क्षेत्र तक भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यकर्ताओं द्वारा विरोध प्रदर्शन किए जाने की सूचना है।

विधानसभा चुनाव परिणाम घोषित होने के लगभग तीन सप्ताह बाद यह अभिषेक बनर्जी का पहला बड़ा राजनीतिक कार्यक्रम था। वह सोनारपुर और बेलेघाटा क्षेत्रों में चुनाव बाद हिंसा से प्रभावित तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ताओं के परिवारों से मिलने पहुंचे थे।

इस बीच, शनिवार दोपहर राज्य की अपराध जाँच विभाग (सीआईडी) की एक टीम अभिषेक बनर्जी के कोलकाता स्थित आवास भी पहुंची। बताया गया कि यह कार्रवाई तृणमूल विधायकों के हस्ताक्षर संबंधी एक मामले की जांच के सिलसिले में की गई। हालांकि, उस समय अधिकारियों को बताया गया कि अभिषेक आवास पर मौजूद नहीं हैं। बाद में बेलियाघाटा से तृणमूल विधायक कुणाल घोष ने दावा किया कि अभिषेक उस समय उनके राममोहन राय रोड स्थित आवास पर मौजूद थे।

सोनारपुर में विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस बल लगातार स्थिति पर नजर बनाए रहा और सुरक्षा व्यवस्था संभालता रहा। घटना के बाद क्षेत्र में राजनीतिक माहौल और अधिक गर्मा गया है। पुलिस ने मामले को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है और स्थिति पर निगरानी रखी जा रही है।------------------

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

Share this story