तृणमूल कार्यालय का बिलबोर्ड हटाने पर बवाल, अभिषेक से हुई बहस, धक्का-मुक्की में सीढ़ियों पर गिरे सांसद डेरेक ओ'ब्रायन

WhatsApp Channel Join Now
तृणमूल कार्यालय का बिलबोर्ड हटाने पर बवाल, अभिषेक से हुई बहस, धक्का-मुक्की में सीढ़ियों पर गिरे सांसद डेरेक ओ'ब्रायन


कोलकाता, 27 अगस्त (हि.स.)। कैमैक स्ट्रीट स्थित तृणमूल कांग्रेस के कार्यालय के बाहर लगे एक बिलबोर्ड को हटाने पहुंची कोलकाता नगर निगम की टीम को गुरुवार को पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के विरोध का सामना करना पड़ा। बिलबोर्ड को अवैध बताते हुए निगम के विज्ञापन विभाग के अधिकारी उसे हटाने पहुंचे थे। कार्रवाई के दौरान तृणमूल कांग्रेस के लाेकसभा सांसद अभिषेक बनर्जी और पुलिस तथा निगम अधिकारियों के बीच तीखी बहस हुई। इस दाैरान देखते ही देखते स्थिति धक्का-मुक्की तक पहुंच गई।

घटना की सूचना मिलने के बाद अभिषेक बनर्जी के अलावा तृणमूल कांग्रेस के राज्यसभा सांसद डेरेक ओ'ब्रायन और बैश्वानर चट्टोपाध्याय भी कार्यालय पहुंच गए। तृणमूल नेताओं ने निगम की कार्रवाई का विरोध करते हुए आरोप लगाया कि बिलबोर्ड हटाने के लिए जो आदेश लाया गया है, उसकी प्रति वैध नहीं है। उनका कहना था कि यदि आदेश वैध होता तो उसमें तस्वीर भी होती।

बताया जा रहा है कि कुछ देर की बहस के बाद निगम अधिकारी वापस लौट गए थे, लेकिन बाद में वे फिर कार्यालय पहुंचे। इस दौरान पुलिस भी वहां मौजूद रही। कार्यालय के भीतर काफी देर तक पुलिस, निगम अधिकारियों और तृणमूल नेताओं एवं कार्यकर्ताओं के बीच बहस होती रही।

बिलबोर्ड हटाने के लिए अधिकारियों को कार्यालय की छत पर जाना था। आरोप है कि सुरक्षा कर्मचारियों ने पुलिस और निगम कर्मियों को अंदर जाने से रोकने की कोशिश की। पुलिस के अंदर पहुंचने के बाद अभिषेक बनर्जी और उनके समर्थक छत की ओर जाने वाले रास्ते में खड़े हो गए। इस दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं भी वहां मौजूद थीं।

स्थिति बिगड़ने पर पुलिस की संख्या बढ़ाई गई और पुलिसकर्मी हेलमेट पहनकर कार्यालय के भीतर पहुंचे। छत की ओर बढ़ने की कोशिश के दौरान पुलिस और तृणमूल कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की हुई। इसी दौरान डेरेक ओ'ब्रायन सीढ़ियों पर गिर पड़े। हालांकि, पुलिस और निगम अधिकारियों ने आगे बढ़कर छत की ओर जाने की कोशिश जारी रखी।

अभिषेक बनर्जी ने कार्रवाई को राजनीतिक प्रतिशोध करार देते हुए भाजपा और मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि शहर में कई जगह फुटपाथों पर बिलबोर्ड लगे हैं, लेकिन केवल उनके कार्यालय के बिलबोर्ड को हटाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि तृणमूल को खत्म करने की कोशिश की जा रही है, लेकिन जितना दबाया जाएगा, पार्टी उतनी ही मजबूत होकर उभरेगी।

अभिषेक ने पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि तृणमूल इस मामले को लेकर उच्च न्यायालय का रुख करेगी। दूसरी ओर, पुलिस और निगम के काम में बाधा डालने के आरोप भी तृणमूल नेताओं और कार्यकर्ताओं पर लगाए गए हैं। तृणमूल की ओर से पुलिस पर महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार और उन्हें परेशान करने का आरोप लगाया गया है।

घटना के बाद कैमैक स्ट्रीट स्थित तृणमूल कार्यालय के आसपास काफी देर तक तनाव की स्थिति बनी रही।------------------

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

Share this story