जंतर-मंतर पर पुलिस की वर्दी में आतंकी साजिश की थी योजना, मुख्यमंत्री शुभेंदु भी थे निशाने पर: बंगाल एसटीएफ
कोलकाता, 01 अगस्त (हि.स.)। पश्चिम बंगाल पुलिस के विशेष कार्य बल (एसटीएफ) ने पूर्व बर्धमान से गिरफ्तार संदिग्ध आतंकी हमीम मंडल मामले में शनिवार को कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं।
एसटीएफ के महानिरीक्षक (आईजी) गौरव शर्मा ने यहां पत्रकार वार्ता में दावा किया कि हमीम मंडल की योजना नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर पुलिस की वर्दी पहनकर बड़ी साजिश को अंजाम देने की थी। उन्होंने यह भी दावा किया कि पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी भी उसके निशाने पर थे।
एसटीएफ के अनुसार, 24 वर्षीय हमीम मंडल को शुक्रवार को पूर्व बर्धमान से गिरफ्तार किया गया था। उसी रात उसे कोलकाता लाकर पूछताछ शुरू की गई। जांच के दौरान उसके मोबाइल फोन, अन्य डिजिटल उपकरणों और विभिन्न सोशल मीडिया मंचों पर हुई चैट की गहन पड़ताल में कई अहम जानकारियां सामने आई हैं।
एसटीएफ का दावा है कि हमीम के पाकिस्तान में बैठे कई हैंडलरों से संपर्क थे। ये लोग मादक पदार्थों की तस्करी और आतंकवादी गतिविधियों से जुड़े शाहजहाद भट्टी गिरोह के सदस्य बताए जा रहे हैं। इनके बीच व्हाट्सऐप, टेलीग्राम और अन्य माध्यमों से नियमित संपर्क बना हुआ था।
एसटीएफ आईजी ने दावा किया कि हमीम मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की गतिविधियों पर नजर रख रहा था। इसके अलावा हाल में दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रदर्शन के दौरान पुलिस की वर्दी पहनकर हिंसक वारदात को अंजाम देने की भी योजना बनाई गई थी। हावड़ा के एक मंत्री भी संभावित निशानों में शामिल थे।
जांच में यह भी सामने आया है कि हमीम 'राना', 'आबिर', 'हबीब' और '333' जैसे कूटनाम वाले संचालकों के संपर्क में था। एसटीएफ के मुताबिक यह नेटवर्क युवाओं को कट्टरपंथ की ओर प्रेरित करने, हथियारों की तस्करी, विध्वंसक गतिविधियों की साजिश रचने और प्रभावशाली लोगों को 'हनी ट्रैप' में फंसाने जैसे मामलों में सक्रिय रहा है।
इसी सिलसिले में झारखंड के साहिबगंज से आरोपित की प्रेमिका अर्पिता सरकार को भी शनिवार सुबह गिरफ्तार किया गया है। पिछले चार वर्षों से हमीम और अर्पिता के बीच संपर्क था। दोनों की पहचान इंस्टाग्राम के माध्यम से हुई थी, जिसके बाद उनके बीच संबंध विकसित हुए। एसटीएफ अब यह जांच कर रही है कि क्या अर्पिता का इस्तेमाल तथाकथित 'हनी ट्रैप' अभियान में किया गया था।
आईजी ने कहा कि इस मामले में लगातार पूछताछ की जा रही है और बाकी लोगों की भी गिरफ्तारी होगी।
पश्चिम बंगाल पुलिस के विशेष कार्य बल (एसटीएफ) ने पूर्व बर्धमान से गिरफ्तार संदिग्ध आतंकी हमीम मंडल मामले में शनिवार को कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

