सत्ता हासिल करना ही इंडी गठबंधन का एकमात्र लक्ष्य : सर्वानंद सोनोवाल

WhatsApp Channel Join Now
सत्ता हासिल करना ही इंडी गठबंधन का एकमात्र लक्ष्य : सर्वानंद सोनोवाल


सिलीगुड़ी, 05 नवंबर (हि.स.)। केंद्रीय बंदरगाह, जहाजरानी एवं जलमार्ग मंत्री सर्वानंद सोनोवाल ने कांग्रेस और इंडी गठबंधन पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि विपक्षी दलों का उद्देश्य लोकतंत्र की रक्षा करना नहीं, बल्कि किसी भी तरह सत्ता हासिल करना है। गुरुवार को सिलीगुड़ी में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ कार्यक्रम में उन्होंने यह बात कही। इस दौरान दार्जिलिंग के सांसद राजू बिष्ट और सिलीगुड़ी सांगठनिक जिला अध्यक्ष अरुण मंडल भी मौजूद थे।

केंद्रीय मंत्री ने आरोप लगाया कि विपक्षी दल जनता के बीच भ्रम फैलाकर कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि करोड़ों लोगों को गरीबी से बाहर निकालने के साथ आवास, मुफ्त राशन, रसोई गैस, बिजली और आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं का लाभ पहुंचाया गया है।

कांग्रेस पर भ्रष्टाचार और तुष्टीकरण की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए उन्होंने असम में आईएमडीटी कानून का मुद्दा उठाया।

उन्हाेंने पश्चिम बंगाल की पूर्ववर्ती तृणमूल सरकार पर घुसपैठ रोकने में विफल रहने का आरोप लगाया। सोनोवाल ने कहा कि चुनाव में हार के बाद ईवीएम, चुनाव आयोग और न्यायपालिका पर सवाल उठाना विपक्ष की राजनीतिक हताशा को दर्शाता है।

उन्होंने राहुल गांधी समेत विपक्षी नेताओं पर सेना के शौर्य पर सवाल उठाने का आरोप भी लगाया। कार्यक्रम के अंत में केंद्रीय मंत्री सर्वानंद सोनोवाल ने 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य का उल्लेख करते हुए युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की है।----------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

772914 Articles

Share this story