केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने सिलीगुड़ी के रोजगार मेले में 85 युवाओं को सौंपे नियुक्ति प्रमाणपत्र

WhatsApp Channel Join Now
केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने सिलीगुड़ी के रोजगार मेले में 85 युवाओं को सौंपे नियुक्ति प्रमाणपत्र


सिलीगुड़ी, 19 सितंबर (हि.स.)। माटीगाड़ा-नक्सलबाड़ी विधानसभा क्षेत्र के माटीगाड़ा ब्लॉक स्थित एक निजी होटल में शनिवार को रोजगार मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री चिराग पासवान ने बंगाल, बिहार, असम और उत्तर प्रदेश के कुल 85 चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति प्रमाणपत्र सौंपे।

इस अवसर पर चिराग पासवान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का जो संकल्प लिया है, रोजगार मेला उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि इस माध्यम से युवाओं को रोजगार से जोड़ने के साथ उन्हें ‘विकसित भारत’ के निर्माण में सहभागी बनाने का प्रयास किया जा रहा है। नवनियुक्त युवाओं को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सरकारी नौकरी केवल उनके व्यक्तिगत जीवन में बदलाव का माध्यम नहीं है, बल्कि देश के विकास में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने युवाओं से पूरी जिम्मेदारी और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।

पत्रकारों से बातचीत में नंदीग्राम उपचुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार की गिरफ्तारी से जुड़े सवाल पर चिराग पासवान ने कहा कि गिरफ्तारी कानूनी प्रक्रिया का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति निर्दोष है तो उसे डरने की आवश्यकता नहीं है। रोजगार मेले के माध्यम से जहां चार राज्यों के 85 युवाओं को नियुक्ति प्रमाणपत्र सौंपे गए, वहीं कार्यक्रम के मंच से युवाओं को देश के विकास और ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य से जुड़ने का संदेश भी दिया गया।-------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

Share this story