“विश्व बंधुत्व और मानवता की सेवा के लिए हो भारत का उदय”: दत्तात्रेय होसबोले

WhatsApp Channel Join Now
“विश्व बंधुत्व और मानवता की सेवा के लिए हो भारत का उदय”: दत्तात्रेय होसबोले


कोलकाता, 27 सितंबर (हि.स.)। राम-शरद कोठारी स्मृति संघ, कोलकाता के तत्वावधान में रविवार को राष्ट्रीय ग्रंथागार (नेशनल लाइब्रेरी) प्रेक्षागृह में राम-शरद कोठारी प्रतिभा सम्मान - 2026 समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबोले और पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी सहित कई गणमान्य हस्तियां उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम में बतौर मुख्य वक्ता अपने विचार रखते हुए आरएसएस के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबोले ने कहा कि भारत का उदय दुनिया पर राज करने के लिए नहीं, बल्कि विश्व बंधुत्व और मानवता की सेवा के लिए होना चाहिए। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि भारत विश्व पटल पर एक वैभवशाली और सामर्थ्यवान राष्ट्र के रूप में उभरे तथा पूरे विश्व का नेतृत्व करने की क्षमता हासिल करे, इसके लिए समाज के हर वर्ग को मिलकर प्रयास करना होगा। उन्होंने कहा, हम शांति और सौहार्द के लिए जीते हैं। भारत की एकता, अखंडता और सांस्कृतिक वैभव अक्षुण्ण बना रहे, इसके लिए प्रत्येक नागरिक को संकल्प लेकर काम करना होगा। होसबोले ने देश की सांस्कृतिक पहचान को सुरक्षित रखने के लिए युवाओं, विशेषकर 'जेन जी' पीढ़ी की राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी का भी आह्वान किया।

समारोह के मुख्य अतिथि, मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने 1990 के अयोध्या श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन में सर्वोच्च बलिदान देने वाले राम और शरद कोठारी को भावभीनी श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि जिस उम्र में युवा अपने करियर और पारिवारिक जीवन के बारे में सोचते हैं, उस उम्र में कोठारी बंधुओं ने धर्म और राष्ट्र के लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिए। युवा पीढ़ी में सनातनी और राष्ट्रवादी चेतना के प्रसार पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार द्वारा उठाए जा रहे विभिन्न कदमों का उल्लेख किया। राज्य की जनसांख्यिकी और घुसपैठ के मुद्दे पर चिंता जताते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती तृणमूल कांग्रेस के शासनकाल में बंगाल की जनसांख्यिकी में व्यापक बदलाव आया है, जिसे सुधारने के लिए अभी बहुत काम करने की जरूरत है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी कि बंगाल में अब साधु-संतों का अपमान किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

कोठारी बंधुओं के नाम पर होगा कोलकाता में सड़क का नामकरण इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने कोलकाता में एक सड़क का नामकरण कोठारी बंधुओं के नाम पर करने का आश्वासन दिया और कॉलेजों व विश्वविद्यालयों में उनके नाम पर सम्मान स्थापित करने पर विचार करने की बात भी कही।

कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रसिद्ध समाजसेवी और युवा उद्योगपति ललित बेरीवाल ने की। अपने अध्यक्षीय वक्तव्य में उन्होंने कहा कि बंगाल के कण-कण में सनातन बसा हुआ है और अब पूरे राज्य में सनातन की सुगंध फैलने लगी है।

मीडिया प्रभारी भागीरथ सारस्वत ने बताया कि इस वर्ष शिक्षा, पर्यावरण और गोसेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। शिक्षा के क्षेत्र में पुरुलिया के अयोध्या हिल्स स्थित श्री ईश्वर चंद्र हेम्ब्रम, गोसेवा के लिए चाकुलिया (झारखंड) के ध्यान फाउंडेशन, और पर्यावरण व वन संरक्षण के लिए ओडिशा के केंदुझार से रमेश चंद्र मिश्र को 'राम-शरद कोठारी प्रतिभा सम्मान' से नवाजा गया।

समारोह की शुरुआत भारत माता और हुतात्मा राम-शरद कोठारी की तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। संघ के सचिव रजत चतुर्वेदी ने संस्था का परिचय प्रस्तुत किया। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में उद्योगपति अंशुल चमड़िया और सौरव दुगड़, तथा संस्था अध्यक्ष राजेश अग्रवाल मंच पर उपस्थित रहे। कार्यक्रम का कुशल संचालन संजय मंडल ने किया, जबकि कोठारी बंधुओं की बहन पूर्णिमा कोठारी ने सभी अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापन किया। कार्यक्रम के दौरान पंकज चौधरी ने देश हमें देता है सब कुछ, हम भी तो कुछ देना सीखें गीत की भावपूर्ण प्रस्तुति देकर वातावरण को देशभक्ति से भर दिया।

इस भव्य समारोह में आरएसएस के वरिष्ठ अधिकारी रामलाल, जलधर दा, सुनील पद गोस्वामी, अजय नंदी, केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार, जोड़ासांको से विधायक विजय ओझा, पूर्व उपमहापौर मीना देवी पुरोहित सहित महानगर के कई गणमान्य नागरिक और कार्यकर्ता उपस्थित थे।

-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

Share this story