अचानक सीने में दर्द के कारण बंगाल विधानसभा के स्पीकर रथींद्र बोस अस्पताल में भर्ती

WhatsApp Channel Join Now
अचानक सीने में दर्द के कारण बंगाल विधानसभा के स्पीकर रथींद्र बोस अस्पताल में भर्ती


कोलकाता, 03 अक्टूबर (हि.स.)। पश्चिम बंगाल विधानसभा के अध्यक्ष रथींद्र बोस को शुक्रवार रात सीने में तेज दर्द की शिकायत के बाद ईएम बाईपास स्थित एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल प्रबंधन से मिली जानकारी के अनुसार, तत्काल चिकित्सा शुरू होने के बाद अब उनकी स्थिति स्थिर है और वे लगातार वरिष्ठ चिकित्सकों की निगरानी में हैं।

पारिवारिक सूत्रों ने बताया कि, शुक्रवार को स्पीकर रथींद्र बोस ने विधानसभा परिसर में आयोजित महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री की जयंती समारोह में सक्रिय रूप से हिस्सा लिया था। इसके अलावा उन्होंने दिन भर कई अन्य आधिकारिक कार्यक्रमों में भी शिरकत की। रात को कार्यक्रम से घर लौटने के बाद अचानक उन्हें सीने में तेज दर्द महसूस हुआ। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए परिवार के सदस्य उन्हें तुरंत अस्पताल ले गए।

अस्पताल पहुंचने पर आपातकालीन विभाग के चिकित्सकों ने बिना समय गंवाए उनका इलाज शुरू किया और कई आवश्यक स्वास्थ्य जांच भी कीं। डॉक्टरों के अनुसार उनकी स्थिति में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है, हालांकि एहतियात के तौर पर उन्हें अभी अस्पताल में ही आब्जर्वेशन (निगरानी) में रखा गया है।

गौरतलब है कि, रथींद्र बोस इसी साल पंद्रह मई को निर्विरोध पश्चिम बंगाल विधानसभा के नए स्पीकर चुने गए थे। वे पेशे से चार्टर्ड अकाउंटेंट हैं और लंबे समय तक राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े रहे हैं। बाद में सक्रिय राजनीति में कदम रखने वाले रथींद्र बोस कूचबिहार दक्षिण सीट से भाजपा के विधायक हैं। उन्होंने अपने पहले ही विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज करते हुए तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार अभिजीत डे भौमिक को 23 हजार से अधिक मतों के बड़े अंतर से पराजित किया था।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

761074 Articles

Share this story