तृणमूल ने राष्ट्रपति और राज्यपाल से मांगा तत्काल समय, पुलिस पर लगाया राजनीतिक पक्षपात का आरोप

WhatsApp Channel Join Now
तृणमूल ने राष्ट्रपति और राज्यपाल से मांगा तत्काल समय, पुलिस पर लगाया राजनीतिक पक्षपात का आरोप


कोलकाता, 3 सितंबर (हि.स.)। पश्चिम बंगाल में कानून व्यवस्था की बिगड़ती स्थिति और पुलिस के कथित “व्यवस्थित दुरुपयोग” को लेकर तृणमूल कांग्रेस ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और राज्यपाल आरएन रवि से तत्काल मुलाकात का समय मांगा है। तृणमूल के राज्यसभा सांसद डेरेक ओ ब्रायन ने बताया कि गुरुवार सुबह दिल्ली में राष्ट्रपति और कोलकाता में राज्यपाल को अलग-अलग पत्र भेजकर पार्टी प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात का अनुरोध किया गया है।

डेरेक ओ ब्रायन ने पत्रकारों से कहा कि बंगाल की मौजूदा स्थिति को लेकर तृणमूल ने राष्ट्रपति और राज्यपाल से तत्काल मुलाकात का समय मांगा है। पार्टी प्रतिनिधिमंडल इस दौरान राज्य की स्थिति और कानून व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करेगा।

यह कदम तृणमूल के राष्ट्रीय महासचिव व लाेकसभा सांसद अभिषेक बनर्जी के उन आरोपों के बाद उठाया गया है, जिसमें उन्होंने कहा कि गुरुवार तड़के हथियारों से लैस भाजपा कार्यकर्ता कोलकाता के कमैक स्ट्रीट स्थित तृणमूल कार्यालय में घुस गए। उनके मुताबिक, कार्यालय में तोड़फोड़ की गई, कर्मचारियों के साथ मारपीट हुई और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को नुकसान पहुंचाया गया।

लाेकसभा सांसद अभिषेक ने यह भी आरोप लगाया कि पार्टी कार्यकर्ताओं और वकीलों की ओर से बार-बार फोन और ई-मेल किए जाने के बावजूद कोलकाता पुलिस ने करीब 2 घंटे तक कोई कार्रवाई नहीं की। उन्होंने घटना को कानून के राज की खुली अवहेलना बताया।

डेरेक ओ ब्रायन ने आरोप लगाया कि पिछले कई महीनों से स्थिति लगातार बिगड़ रही है। कहा कि राज्यभर में तृणमूल कार्यकर्ताओं को निशाना बनाया जा रहा है और पार्टी कार्यालयों में तोड़फोड़ की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि गुरुवार तड़के करीब 4:30 बजे हुई घटना भी इसी सिलसिले का हिस्सा है।

उन्होंने पुलिस पर तय नियमों और प्रक्रियाओं का पालन नहीं करने तथा राजनीतिक पक्षपात के साथ काम करने का आरोप लगाया। ब्रायन ने कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था पूरी तरह बिगड़ गई है और पुलिस भाजपा कार्यकर्ताओं की तरह काम कर रही है।

तृणमूल कांग्रेस आईटी सेल की प्रभारी उपासना चौधरी ने भी आरोप लगाया कि गुरुवार तड़के करीब 3:30 बजे भाजपा कार्यकर्ताओं ने कमैक स्ट्रीट स्थित पार्टी कार्यालय के सुरक्षा गार्डों पर हमला किया और कार्यालय में तोड़फोड़ की। उन्होंने कहा कि पार्टी के पास घटना की सीसीटीवी फुटेज मौजूद है और इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी।-------------

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

Share this story