नौ साल पहले मारे गए भाजपा कार्यकर्ता के परिवार से मिले पीएम मोदी, दिया न्याय का भरोसा

WhatsApp Channel Join Now
नौ साल पहले मारे गए भाजपा कार्यकर्ता के परिवार से मिले पीएम मोदी, दिया न्याय का भरोसा


बारुईपुर, 09 मई (हि. स.)। पश्चिम बंगाल में साल 2017 में हुई भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यकर्ता की हत्या के मामले में एक बार पुन: न्याय की उम्मीद जगी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को ब्रिगेड मैदान में शपथ ग्रहण समारोह के दौरान मृतक सौमित्र घोषाल के परिवार से मुलाकात कर उन्हें न्याय का भरोसा दिलाया।

सौमित्र घोषाल, जो दक्षिण 24 परगना के बारुईपुर के दक्षिण गड़िया इलाके के निवासी थे। उनकी 2017 में दिनदहाड़े पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। आरोप है कि राजनीतिक वजहों से उनकी हत्या कर शव को एक सुपारी बागान में लटका दिया गया था।

घटना के बाद लंबे समय तक विरोध प्रदर्शन हुए, कुछ आरोपितों की गिरफ्तारी भी हुई, लेकिन परिवार को न्याय नहीं मिल सका। अब राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद पीड़ित परिवार को एक बार फिर उम्मीद जगी है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के बाद परिवार के सदस्यों ने कहा कि उन्हें विश्वास है कि इस बार उन्हें न्याय जरूर मिलेगा।

मृतक की मां बनलता घोषाल ने कहा कि प्रधानमंत्री के आश्वासन से उन्हें नई उम्मीद मिली है। बताया कि उनका बेटा भाजपा से जुड़ा था और इसलिए उसे निशाना बनाया गया।

वहीं, परिवार की अन्य सदस्यों ने भी कहा कि वर्षों तक न्याय के लिए संघर्ष करने के बावजूद उन्हें कुछ हासिल नहीं हुआ, लेकिन अब उन्हें भरोसा है कि हालात बदलेंगे।

लोगों ने भी प्रधानमंत्री के इस कदम का स्वागत करते हुए कहा कि इतने साल बाद भी मामले को याद रखना और परिवार से मिलना बड़ी बात है, जिससे न्याय की उम्मीद मजबूत हुई है।----------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

Share this story