दार्जिलिंग पहुंचे केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल, कहा- फिर विश्व में धाक जमाएगी दार्जिलिंग चाय

WhatsApp Channel Join Now
दार्जिलिंग पहुंचे केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल, कहा- फिर विश्व में धाक जमाएगी दार्जिलिंग चाय


सिलीगुड़ी, 22 नवंबर (हि. स.)। पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार बनने के बाद केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल रविवार काे दार्जिलिंग दौरे पर पहुंचे। बागडोगरा हवाई अड्डे पर उतरने के बाद उन्होंने पश्चिम बंगाल की जनता का आभार जताया। उन्होंने कहा कि राज्य की जनता विकास चाहती है और प्रधानमंत्री के नेतृत्व में बंगाल को प्रगति के रास्ते पर ले जाने का काम किया जा रहा है।

पीयूष गोयल ने कहा कि पश्चिम बंगाल में लगातार औद्योगिक निवेश की संभावनाएं बढ़ रही हैं। अब देशभर के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी लोगों का ध्यान बंगाल की ओर आकर्षित हो रहा है। राज्य में व्यापार और उद्योग का विकास हो रहा है तथा लोगों के जीवन स्तर में सुधार के लिए शुभेंदु अधिकारी की सरकार काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि अपने दौरे के दौरान वह चाय बागानों से जुड़े लोगों से मुलाकात करेंगे। उन्हें विश्वास है कि ममता बनर्जी के कार्यकाल में लंबित पड़े कार्यों में अब तेजी आएगी।

दार्जिलिंग चाय की गुणवत्ता और इसकी पुरानी पहचान का जिक्र करते हुए उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले दिनों में दार्जिलिंग चाय एक बार फिर विश्व बाजार में अपनी पहचान और प्रतिष्ठा स्थापित करेगी।

वहीं, सोने की खरीदारी को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देशवासियों को धन्यवाद दिए जाने के संबंध में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने लोगों से विदेशी मुद्रा खर्च कर सोना नहीं खरीदने की अपील की थी। देशवासियों ने उनकी अपील का पालन किया, जिससे सोने के आयात में कमी आई और इसकी कीमतों में गिरावट दर्ज की गई। इसके लिए प्रधानमंत्री ने देश की जनता का आभार जताया है।

केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल रविवार को कर्सियांग में एक कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद सोमवार को वह वहां से रवाना होंगे।------------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781297 Articles

Share this story