(अपडेट) पश्चिम बंगाल में कई डाकघरों और कोलकाता के पासपोर्ट सेवा केंद्र को बम से उड़ाने की धमकी, तलाशी अभियान जारी

WhatsApp Channel Join Now
(अपडेट) पश्चिम बंगाल में कई डाकघरों और कोलकाता के पासपोर्ट सेवा केंद्र को बम से उड़ाने की धमकी, तलाशी अभियान जारी


कोलकाता, 26 फरवरी (हि.स.)। पश्चिम बंगाल में गुरुवार को कई डाकघरों और कोलकाता स्थित पासपोर्ट सेवा केंद्र को ई-मेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। धमकी मिलते ही संबंधित परिसरों को तत्काल खाली कराया गया और व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया गया। इसके साथ ही उत्तर बंगाल के भी 19 पासपोर्ट केंद्र और डाकघरों को बम से उड़ाने की धमकी मिली है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, कोलकाता के पासपोर्ट सेवा केंद्र में बम निरोधक दस्ते और खोजी कुत्तों की मदद से सघन तलाशी ली जा रही है। एहतियातन पूरे भवन को खाली करा लिया गया है।

इसी तरह महात्मा गांधी रोड स्थित डाकघर, जहां पासपोर्ट सेवाएं भी संचालित होती हैं, को भी एक धमकी भरा ई-मेल मिला। ईमेल में दावा किया गया कि भवन में बम रखा गया है। इसके बाद हावड़ा पुलिस की बड़ी टीम मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेराबंदी कर सील कर दिया। कर्मचारियों और आम लोगों को तत्काल बाहर निकाला गया। बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉड ने परिसर की गहन जांच शुरू की।

डाकघर के एक कर्मचारी ने बताया कि हम काम कर रहे थे, तभी धमकी वाले ई-मेल की सूचना मिली। तुरंत सभी को बाहर जाने काे कहा गया।

इसी प्रकार आसनसोल (पश्चिम बर्धमान) और कटवा (पूर्व बर्धमान) के डाकघरों में भी इसी तरह की बम धमकी मिली। ई-मेल में कर्मचारियों को संभावित विस्फोट से पहले परिसर खाली करने को कहा गया था। धमकी के बाद सेवाएं तत्काल निलंबित कर दी गईं और कर्मचारी व आवेदक घबराकर बाहर निकल आए।

आसनसोल डाकघर के एक कर्मचारी ने बताया कि विभाग की ओर से ई-मेल में बम धमकी का जिक्र होने के बाद तुरंत बाहर निकलने को कहा गया। हम फिलहाल पुलिस और विशेष टीमों के आने का इंतजार कर रहे हैं।

पुलिस का कहना है कि सभी प्रभावित स्थानों पर तलाशी अभियान जारी है। अब तक किसी विस्फोटक सामग्री के मिलने की पुष्टि नहीं हुई है। हालांकि, एहतियातन राज्यभर के प्रमुख सरकारी दफ्तरों और डाक केंद्रों में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है।

अधिकारियों ने बताया कि धमकी भरे ई-मेल के स्रोत का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। यह भी जांच की जा रही है कि क्या इन धमकियों का हाल ही में राज्य की सिविल अदालतों को मिली फर्जी बम धमकियों से कोई संबंध है।--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

Share this story