पश्चिम बंगाल के पानागढ़ में मालगाड़ी के चार डिब्बे पटरी से उतरे, दो घंटे बाद बहाल हुआ रेल संचालन

WhatsApp Channel Join Now
पश्चिम बंगाल के पानागढ़ में मालगाड़ी के चार डिब्बे पटरी से उतरे, दो घंटे बाद बहाल हुआ रेल संचालन


पानागढ़, 10 जून (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के पानागढ़ में बुधवार सुबह एक मालगाड़ी के चार डिब्बे पटरी से उतर जाने से रेल संचालन प्रभावित हो गया। घटना के बाद रेलवे प्रशासन और तकनीकी टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बहाली कार्य शुरू किया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सीमेंट लदी मालगाड़ी बुधवार सुबह पानागढ़ औद्योगिक क्षेत्र से दुर्गापुर की ओर रवाना हुई थी। पानागढ़ स्टेशन पार करते समय अचानक उसके चार डिब्बे पटरी से उतर गए। हालांकि, इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी, मैकेनिकल विभाग के कर्मचारी और तकनीकी टीम मौके पर पहुंच गई। करीब दो घंटे तक चले अभियान के बाद पटरी से उतरे डिब्बों को दोबारा रेल लाइन पर चढ़ाया गया और रेल मार्ग को सुरक्षित किया गया।

हादसे के कारण रेलवे फाटक लंबे समय तक बंद रहा, जिससे सड़क यातायात प्रभावित हुआ और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। बाद में डिब्बों को पटरी पर लाने के बाद यातायात और रेल संचालन धीरे-धीरे सामान्य हो गया।

रेलवे प्रशासन ने घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही दुर्घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष मधुप

Share this story