भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने गंगासागर में किया पवित्र स्नान, कपिल मुनि आश्रम में की पूजा-अर्चना

WhatsApp Channel Join Now
भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने गंगासागर में किया पवित्र स्नान, कपिल मुनि आश्रम में की पूजा-अर्चना


कोलकाता, 28 सितंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन अपने दो दिवसीय पश्चिम बंगाल दौरे के दूसरे दिन सोमवार को दक्षिण 24 परगना जिले के प्रसिद्ध तीर्थस्थल गंगासागर पहुंचे। उन्होंने धार्मिक आस्था के साथ गंगासागर में पवित्र स्नान किया। इसके बाद ऐतिहासिक कपिल मुनि आश्रम पहुंचकर विशेष पूजा-अर्चना की और आशीर्वाद लिया।

इससे पहले रविवार को पश्चिम बंगाल पहुंचने के बाद नितिन नवीन ने दौरे के पहले दिन संगठन से जुड़े कई कार्यक्रमों में हिस्सा लिया था। उन्होंने राज्य के नवनिर्वाचित विधायकों, सांसदों और भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ संगठनात्मक बैठकें कीं। बैठकों में राज्य में पार्टी के संगठन को मजबूत करने और आगामी गतिविधियों की रणनीति पर चर्चा हुई।

सोमवार को गंगासागर दौरे के बाद उनके दो प्रमुख कार्यक्रम निर्धारित थे। गंगासागर से लौटने के बाद उन्होंने उत्तर 24 परगना जिले के पानीहाटी में सोदपुर-पानीहाटी स्थित लोक संस्कृति भवन में आयोजित ‘आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम’ में हिस्सा लिया।

इसके बाद दोपहर में कोलकाता के न्यू टाउन स्थित ‘स्पेस सर्कल क्लब’ में ‘युवा संवाद कॉन्क्लेव’ का आयोजन किया गया। इसमें नितिन नवीन ने राज्य के युवाओं से संवाद किया और विभिन्न विषयों पर उनकी बात सुनी। भाजपा के प्रदेश संगठन से जुड़े पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी कार्यक्रमों में मौजूद रहे।------------

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

Share this story