आखिरकार ममता बनर्जी ने बदला सोशल मीडिया प्राेफाइल

WhatsApp Channel Join Now
आखिरकार ममता बनर्जी ने बदला सोशल मीडिया प्राेफाइल


कोलकाता, 09 मई (हि.स.)। पश्चिम बंगाल की राजनीति में जारी बदलावों के बीच तृणमूल कांग्रेस प्रमुख व पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने अपने सोशल मीडिया प्रोफाइल अपडेट किया है। वहीं, शपथ ग्रहण के बाद शुभेंदु अधिकारी ने अपने सोशल मीडिया प्रोफाइल में अपने नाम के साथ मुख्यमंत्री शब्द जोड़ लिया।

साेशल मीडिया प्लेटफार्म फेसबुक, इंस्टाग्राम और एक्स पर ममता बनर्जी ने अब अपने प्रोफाइल में खुद को तीन बार की मुख्यमंत्री बताया है। उन्होंने लिखा है कि वह 15वीं, 16वीं और 17वीं विधानसभा में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री रही हैं और फिलहाल, तृणमूल कांग्रेस की अध्यक्ष हैं। लेकिन उन्होंने कहीं भी ‘पूर्व मुख्यमंत्री’ शब्द का इस्तेमाल नहीं किया है।

अब तक उनके सोशल मीडिया अकाउंट्स में ‘मुख्यमंत्री’ लिखा हुआ था, लेकिन हालिया राजनीतिक घटनाक्रम के बाद यह बदलाव सामने आया है।

चुनाव परिणाम आने के बाद तृणमूल कांग्रेस की ओर से दावा किया गया था कि पार्टी पराजित नहीं हुई बल्कि उसे साजिश के तहत हराया गया है। वहीं, ममता बनर्जी ने पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि वह इस्तीफा नहीं देंगी और इसे राजनीतिक साजिश बताया था।

उल्लेखनीय है कि, 2011 में भी बंगाल में सत्ता परिवर्तन हुआ था, जब 34 साल के वाम शासन का अंत हुआ था। उस समय तत्कालीन मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्य ने परिणाम के बाद इस्तीफा दे दिया था। लेकिन इस बार ममता बनर्जी ने इस्तीफा नहीं दिया और अब सोशल मीडिया बायो में बदलाव के बाद राजनीतिक हलकों में नई चर्चा शुरू हो गई हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

Share this story