(अपडेट) कोलकाता के तारातला में में निर्माणाधीन गोदाम की छत ढही, 3 मजदूरों की मौत, 18 को बचाया गया

WhatsApp Channel Join Now
(अपडेट) कोलकाता के तारातला में में निर्माणाधीन गोदाम की छत ढही, 3 मजदूरों की मौत, 18 को बचाया गया


कोलकाता, 24 जून (हि.स.)। कोलकाता के तारातला इलाके में ब्रेस ब्रिज के पास निर्माणाधीन गोदाम की छत ढहने से बड़ा हादसा हो गया। बुधवार को तीन मंजिला निर्माणाधीन चाय गोदाम की तीसरी मंजिल की छत की ढलाई के दौरान अचानक ढांचा भरभराकर गिर पड़ा। मलबे के नीचे कई मजदूर दब गए। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने हादसे में 3 लोगों की मौत की पुष्टि की है, जबकि अब तक 18 घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है।

घटना के बाद सेना, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल, राज्य आपदा मोचन बल, कोलकाता पुलिस, अग्निशमन विभाग और कोलकाता नगर निगम की संयुक्त टीमें युद्धस्तर पर बचाव अभियान चला रही हैं। मलबे में फंसे सभी श्रमिकों को जल्द बाहर निकालने के लिए गैस कटर, क्रेन, एंबुलेंस और अन्य आधुनिक बचाव उपकरणों की मदद ली जा रही है। घटनास्थल से दबे हुए मजदूरों की आवाजें सुनाई देने की भी सूचना है। बचावकर्मी बाहर से उनके नाम पुकारकर उनकी स्थिति का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बंदरगाह की जमीन पर उक्त चाय गोदाम का निर्माण किया जा रहा था। छत ढहने के समय बड़ी संख्या में मजदूर वहां कार्यरत थे। स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, मलबे के नीचे अभी भी कई लोगों के फंसे होने की आशंका है। कुछ प्रत्यक्षदर्शियों ने 30 से अधिक मजदूरों के अंदर फंसे होने की आशंका जताई है, हालांकि प्रशासन की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

राज्य सरकार ने राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी के लिए नवान्न से नियंत्रण कक्ष शुरू किया है। प्रभावित परिवारों और आम लोगों के लिए 1070, 8697981070, 033 22143526 तथा 033 22535185 नंबर जारी किए गए हैं।

राज्य के नगर विकास एवं नगर मामलों के राज्य मंत्री डॉ. इंद्रनील खान घटनास्थल पर पहुंचकर बचाव अभियान की निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रशासन की पहली प्राथमिकता मलबे में फंसे लोगों की जान बचाना है और सभी संबंधित एजेंसियां तेजी से काम कर रही हैं। राकेश सिंह, मंत्री अग्निमित्रा पाल और नगर निगम आयुक्त स्मिता पांडे भी घटनास्थल पर पहुंचे।

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शोकाकुल परिवारों के साथ खड़ी है और उन्हें हरसंभव सहायता दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने नगर विकास एवं नगर मामलों विभाग को पूरे अभियान में समन्वय बनाए रखने का निर्देश दिया है। वह स्वयं भी घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने के लिए रवाना हुए।

इस बीच, मंत्री इंद्रनील खान ने निर्माण कार्य में निम्न गुणवत्ता की सामग्री के इस्तेमाल का आरोप लगाते हुए तृणमूल कांग्रेस पर निशाना साधा है। स्थानीय लोगों ने भी गोदाम के निर्माण में अनियमितता और अवैध निर्माण का आरोप लगाया है। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक जांच अभी शुरू नहीं हुई है। प्रशासन ने संकेत दिया है कि बचाव अभियान पूरा होने के बाद हादसे के कारणों और निर्माण की अनुमति संबंधी सभी पहलुओं की जांच की जाएगी।------------------

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

Share this story