असम में बेपटरी हुई कोलकाता-साइरंग एक्सप्रेस में पश्चिम बंगाल के 300 से अधिक यात्री थे सवार

WhatsApp Channel Join Now
असम में बेपटरी हुई कोलकाता-साइरंग एक्सप्रेस में पश्चिम बंगाल के 300 से अधिक यात्री थे सवार


कोलकाता, 11 नवंबर (हि.स.)। असम के गुवाहाटी के पास बुधवार को कोलकाता-साइरंग एक्सप्रेस के पटरी से उतरने की घटना के बाद रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों की मदद के लिए कई स्टेशनों पर हेल्प डेस्क स्थापित किए हैं। एक अधिकारी ने बताया कि इस दुर्घटनाग्रस्त ट्रेन में पश्चिम बंगाल के 300 से अधिक यात्री सवार थे।

असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने बताया है कि सुबह कामरूप (महानगर) जिले के डिगारू में ट्रेन का इंजन और पांच डिब्बे पटरी से उतर गए। इस हादसे में चार लोगों को मामूली चोटें आई हैं। राहत की बात यह है कि घटना में किसी की जान जाने की कोई सूचना नहीं है।

पूर्व रेलवे के एक अधिकारी ने बताया कि, पश्चिम बंगाल से 300 से अधिक यात्रियों ने कोलकाता, नैहाटी, कृष्णानगर, मालदा और कटिहार मंडलों जैसे स्टेशनों से यात्रा शुरू की थी और वे गुवाहाटी से आगे जा रहे थे। अधिकारी ने कहा कि रेलवे प्रशासन लगातार उनकी मदद कर रहा है और यात्रियों तथा उनके परिवारों की सुविधा के लिए हेल्प डेस्क स्थापित किए गए हैं। सूचना मिलते ही पूर्व रेलवे के अधिकारी भी दुर्घटनास्थल के लिए रवाना हो गए।

पश्चिम बंगाल के यात्रियों और उनके परिजनों को त्वरित सहायता और सटीक जानकारी प्रदान करने के लिए सियालदह, अलीपुरद्वार, नैहाटी और बहरामपुर कोर्ट स्टेशनों पर विशेष हेल्प डेस्क खोले गए हैं।

पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (एनएफआर) के एक प्रवक्ता ने घटना के कारणों के बारे में बताया कि दुर्घटना उस समय हुई जब कोलकाता-साइरंग एक्सप्रेस डिगारू रेलवे स्टेशन में प्रवेश कर रही थी। लोको पायलट ने एक अन्य ट्रेन को प्राथमिकता देते हुए रास्ता दिया, लेकिन वह अपनी ट्रेन की गति को नियंत्रित नहीं कर सका। प्रवक्ता ने बताया कि सभी यात्रियों को एक वैकल्पिक ट्रेन के माध्यम से उनके गंतव्य तक सुरक्षित पहुंचाया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775260 Articles

Share this story