कोलकाता मेट्रो से केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने किया सफर, नबान्न में अहम बैठक

WhatsApp Channel Join Now
कोलकाता मेट्रो से केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने किया सफर, नबान्न में अहम बैठक


कोलकाता, 06 जून (हि.स.)। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव शनिवार को कोलकाता पहुंचे और उन्होंने शहर में मेट्रो रेल से सफर किया और आम यात्रियों से बातचीत की। इस दौरान राज्य सरकार के मंत्री जगन्नाथ चटर्जी और सांसद ज्योतिर्मय सिंह महतो भी उनके साथ मौजूद रहे। रेल मंत्री की यह यात्रा न केवल औपचारिक रही, बल्कि उन्होंने जमीनी स्तर पर मेट्रो सेवाओं का अनुभव भी लिया।

जानकारी के अनुसार, कोलकाता एयरपोर्ट पर उतरने के बाद रेल मंत्री सीधे एयरपोर्ट से सटे ‘जय हिंद’ मेट्रो स्टेशन पहुंचे और वहां से मेट्रो में सवार हुए। इस दौरान उन्होंने यात्रियों से बातचीत की और मेट्रो सेवाओं को लेकर उनकी राय भी जानी। यात्रियों ने मेट्रो सेवा की सराहना की।

इसके बाद अश्विनी वैष्णव मेट्रो के माध्यम से नोआपाड़ा पहुंचे। वहां से आगे की यात्रा के लिए उन्होंने प्रामोदनगर (बेलघरिया हाईवे) क्षेत्र में वाहन बदला। लोगों को असुविधा न हो, इसके लिए सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के तहत वाहन को नोआपाड़ा क्षेत्र में प्रवेश नहीं कराया गया।

इसके बाद रेल मंत्री प्रामोदनगर से ऑटो रिक्शा के जरिए आगे बढ़े और फिर नबान्न पहुंचे, जहां राज्य सरकार के साथ उनकी महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। नबान्न पहुंचने के दौरान उन्होंने आम लोगों की तरह कम सुरक्षा और ट्रैफिक नियमों का पालन करते हुए यात्रा की, जो चर्चा का विषय रही।

बैठक के दौरान रेल मंत्री ने कहा कि कोलकाता मेट्रो के विस्तार और आधुनिकीकरण के लिए केंद्र सरकार कई योजनाओं पर काम कर रही है। उन्होंने बताया कि आने वाले चार से पांच वर्षों में लगभग 60 नई पीढ़ी की मेट्रो ट्रेनों को शामिल करने की योजना है, जिससे शहर की परिवहन व्यवस्था को नई गति मिलेगी।

उन्होंने यह भी कहा कि चिंगड़ीघाटा क्षेत्र में काम पूरा होने के बाद कोलकाता में आवागमन और अधिक सुगम हो जाएगा। केंद्र सरकार इस दिशा में कई परियोजनाओं पर तेजी से काम कर रही है, जिससे शहर के ट्रैफिक और कनेक्टिविटी में बड़ा सुधार होगा।----------------

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

Share this story