कोलकाता में आयकर विभाग ने जब्त की 4.54 करोड़ की विदेशी मुद्रा, तीन लोग हिरासत में

WhatsApp Channel Join Now
कोलकाता में आयकर विभाग ने जब्त की 4.54 करोड़ की विदेशी मुद्रा, तीन लोग हिरासत में


कोलकाता, 01 अप्रैल (हि.स.)। पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में आयकर विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 4.54 करोड़ मूल्य की विदेशी मुद्रा जब्त की है। इस मामले में तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, पार्क स्ट्रीट थाना क्षेत्र में छापेमारी के दौरान यह कार्रवाई की गई। आयकर विभाग को गुप्त सूचना मिली थी, जिसके आधार पर अधिकारियों ने अभियान चलाया। इस दौरान चार लाख 75 हजार अमेरिकी डॉलर और तीन लाख थाई बहत बरामद किए गए। भारतीय मुद्रा में इनकी कुल कीमत चार करोड़ 54 लाख 82 हजार 500 रुपये आंकी गई है।

जांच अधिकारियों के अनुसार, जिन तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है, वे इतनी बड़ी मात्रा में विदेशी मुद्रा रखने के संबंध में संतोषजनक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद विभाग ने नियमानुसार मामला दर्ज कर उन्हें पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया।

उल्लेखनीय है कि, विधानसभा चुनाव की घोषणा से पहले चुनाव आयोग ने आयकर विभाग सहित केंद्र सरकार की विभिन्न जांच एजेंसियों के साथ बैठक की थी। इन बैठकों में संदिग्ध वित्तीय लेनदेन और अवैध धन के प्रवाह पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए गए थे।

इसके बाद से ही केंद्रीय और राज्य स्तर की एजेंसियां लगातार सक्रिय हैं। विधानसभा चुनाव से ठीक पहले कोलकाता के प्रमुख इलाके से इतनी बड़ी मात्रा में विदेशी मुद्रा की बरामदगी को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

चुनाव प्रक्रिया के मद्देनजर राज्य के विभिन्न हिस्सों में नाका जांच के दौरान चुनाव आयोग की टीमों द्वारा भी बड़ी मात्रा में नकदी जब्त किए जाने की खबरें सामने आई हैं। ---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

Share this story