कोलकाता हवाई अड्डे पर हाईजैक की धमकी निकली अफवाह, जांच के बाद मुंबई उड़ान के लिए हरि झंडी

WhatsApp Channel Join Now
कोलकाता हवाई अड्डे पर हाईजैक की धमकी निकली अफवाह, जांच के बाद मुंबई उड़ान के लिए हरि झंडी


कोलकाता, 11 नवंबर (हि.स.)। कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर बुधवार सुबह एअर इंडिया के एक विमान में हाईजैक (विमान अपहरण) की धमकी मिलने से मचे हड़कंप के बाद अब स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है। सुरक्षा एजेंसियों द्वारा की गई जांच में विमान के अंदर कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) ने आधिकारिक बयान जारी कर इसकी पुष्टि की है कि सभी सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत जांच पूरी होने के बाद विमान में यात्रियों की दोबारा बोर्डिंग शुरू कर दी गई है।

बुधवार शाम कोलकाता हवाई अड्डे के कॉरपोरेट संचार विभाग ने बयान जारी कर बताया कि सुरक्षाबलों और संबंधित एजेंसियों ने अपनी जांच पूरी कर ली है और विमान को सुरक्षित घोषित कर दिया गया है। क्लीयरेंस मिलने के बाद एअर इंडिया की उड़ान संख्या एआई 2772 में दोबारा बोर्डिंग की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इस विमान के शाम 5 बजे मुंबई के लिए उड़ान भरने की संभावना है।

इससे पहले बुधवार सुबह 10 बजकर 33 मिनट पर एअर इंडिया की इसी फ्लाइट के शौचालय में केबिन क्रू को हाईजैक की धमकी वाला एक नोट मिला था। कोलकाता से मुंबई जाने वाले इस विमान में कुल 105 यात्री सवार थे। धमकी भरा पर्चा मिलते ही पायलट ने तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) को आपातकालीन संदेश भेजा। इसके बाद हवाई अड्डा प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत सतर्क हो गईं।

यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए विमान को फौरन आइसोलेशन बे (सुरक्षित क्षेत्र) में ले जाया गया। सुरक्षाबलों ने पूरे विमान को घेर लिया और सभी 105 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने के बाद विमान की सघन तलाशी शुरू की गई थी। इस घटना के कारण हवाई अड्डे पर कई घंटों तक यात्रियों के बीच दहशत और अफरातफरी का माहौल रहा।

गौरतलब है कि, कोलकाता हवाई अड्डे पर पिछले कुछ समय में सुरक्षा से जुड़ी यह कोई पहली घटना नहीं है। बीते अक्टूबर महीने में भी यहां लगातार दो दिनों तक बम की अफवाह से दहशत फैली थी। तब भी विमान के शौचालय से ही धमकी भरी चिट्ठी बरामद हुई थी। -----------------

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775332 Articles

Share this story