खड़गपुर में भी आयोजित हुआ 19वां रोजगार मेला, 142 युवाओं को मिले नियुक्ति पत्र
-प्रधानमंत्री मोदी ने डिजिटल माध्यम से खड़गपुर रोजगार मेले को किया संबोधित
खड़गपुर, 23 मई (हि.स.)। केंद्र सरकार की ओर से युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने और सरकारी सेवाओं में पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शनिवार को देशभर के 47 स्थानों पर 19वें रोजगार मेले का आयोजन किया गया। इसी क्रम में पश्चिम बंगाल के खड़गपुर स्थित मल्टी-डिसिप्लिनरी जोनल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट (एमडीजेडटीआई) सुपरवाइजर ट्रेनिंग सेंटर (एसटीसी) में भी रोजगार मेले का आयोजन किया गया, जहां 142 युवाओं को विभिन्न केंद्रीय विभागों और संगठनों में नियुक्ति पत्र सौंपे गए।
देशव्यापी रोजगार मेले के तहत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने डिजिटल माध्यम से नवचयनित अभ्यर्थियों को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने देशभर में चयनित करीब 51 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए। प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं और सरकार उन्हें रोजगार एवं स्वरोजगार के अधिक अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
प्रधानमंत्री ने नव नियुक्त युवाओं से अपने कर्तव्यों का पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ निर्वहन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सरकारी सेवा केवल रोजगार का माध्यम नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण और जनसेवा का महत्वपूर्ण अवसर है।
खड़गपुर में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय बंदरगाह, जहाजरानी एवं जलमार्ग राज्य मंत्री शांतनु ठाकुर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने मंच से नव नियुक्त युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार युवाओं को रोजगार देने के लिए निरंतर प्रयासरत है और रोजगार मेले इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल हैं। उन्होंने कहा कि पारदर्शी और तेज भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से युवाओं को सरकारी सेवाओं से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है।
कार्यक्रम में पश्चिम बंगाल सरकार के कृषि विपणन, पशु संसाधन विकास तथा पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री दिलीप घोष विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में नव नियुक्त युवाओं को बधाई देते हुए कहा कि उन्हें अपने कार्य के प्रति ईमानदार और जिम्मेदार रहना चाहिए।
दिलीप घोष ने कहा, “यदि युवा पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करेंगे, तभी राष्ट्र निर्माण और जनसेवा का उद्देश्य सफल होगा। सरकारी सेवा में आने के बाद जनता की अपेक्षाएं भी बढ़ जाती हैं, इसलिए हर कर्मचारी को अपने दायित्वों को गंभीरता से निभाना चाहिए।”
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने कहा कि देश के विकास में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने नव नियुक्त अभ्यर्थियों से अपने-अपने विभागों में पूरी मेहनत और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की अपील की।
वक्ताओं ने कहा कि केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं और नीतियों का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में सरकारी कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। ऐसे में युवाओं को सेवा भावना के साथ कार्य करना चाहिए।
समारोह में खड़गपुर मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) ललित मोहन पांडे सहित रेलवे के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। डीआरएम ने भी नव नियुक्त अभ्यर्थियों को संबोधित करते हुए सार्वजनिक सेवा के महत्व पर प्रकाश डाला।
उन्होंने कहा कि सरकारी सेवा में अनुशासन, ईमानदारी और जिम्मेदारी सबसे महत्वपूर्ण गुण हैं। उन्होंने युवाओं से अपने कर्तव्यों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करने और संस्थान की गरिमा बनाए रखने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में नव नियुक्त युवाओं और उनके परिवारों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों ने केंद्र सरकार की इस पहल को युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताते हुए खुशी व्यक्त की।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

