केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का दो दिवसीय पश्चिम बंगाल दौरा, संगठनात्मक समीक्षा के साथ जनसंपर्क पर रहेगा जोर
कोलकाता, 30 जनवरी (हि.स.)। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शुक्रवार देर शाम से शुरू हो रहे अपने दो दिवसीय पश्चिम बंगाल दौरे के दौरान संगठनात्मक समीक्षा के साथ-साथ बड़े पैमाने पर जनसंपर्क कार्यक्रमों पर विशेष ध्यान देंगे।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) राज्य समिति के एक सदस्य के अनुसार, अमित शाह शुक्रवार शाम को कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचेंगे। इसके बाद वह राज्य भाजपा के कोर कमेटी सदस्यों के साथ एक अहम बैठक करेंगे, जिसमें आगामी चुनावी तैयारियों और रणनीति पर चर्चा होगी।
उन्होंने बताया कि इस बार अमित शाह की प्राथमिकता आंतरिक संगठनात्मक कार्यक्रमों की बजाय जनसंपर्क कार्यक्रमों पर रहेगी। पिछले महीने के दौरे में उनका पूरा ध्यान संगठनात्मक गतिविधियों पर केंद्रित था, उस दौरान एकमात्र सार्वजनिक कार्यक्रम प्रेस वार्ता ही था।
शनिवार को अमित शाह दो सार्वजनिक रैलियों और पार्टी कार्यकर्ता सम्मेलनों को संबोधित करेंगे। पहली सभा उत्तर 24 परगना जिले के बैरकपुर में सुबह आयोजित होगी, जबकि दूसरी सभा उत्तर बंगाल के दार्जिलिंग जिले के सिलीगुड़ी में होगी। सिलीगुड़ी कार्यक्रम के बाद गृह मंत्री बागडोगरा हवाई अड्डे से नई दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
भाजपा राज्य समिति के सदस्य ने बताया कि बैरकपुर रैली में उत्तर 24 परगना जिले के चार संगठनात्मक जिलों/लोकसभा क्षेत्रों -बनगांव, बारासात, बशीरहाट और बैरकपुर के पार्टी कार्यकर्ता मुख्य रूप से शामिल होंगे। वहीं, सिलीगुड़ी रैली में सिलीगुड़ी, दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार और कूचबिहार के पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले इसी महीने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 17 जनवरी को मालदा जिले और 18 जनवरी को हुगली जिले के सिंगूर में दो राजनीतिक रैलियों को संबोधित किया था। वहीं भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन 27 जनवरी से दो दिवसीय दौरे पर पश्चिम बंगाल आए और उन्होंने पश्चिम बर्दवान जिले के दुर्गापुर में एक सार्वजनिक सभा को संबोधित किया।
अब इस दौरे के माध्यम से अमित शाह का उद्देश्य पार्टी की जनसंपर्क रणनीति को मजबूत करना और आगामी चुनावों के लिए संगठनात्मक तैयारियों का पुनरीक्षण करना है।----------------
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

