जीटीए में अनित थापा के बाद डिप्टी चीफ और पंचायत अध्यक्ष ने भी छोड़ा पद
दार्जीलिंग, 17 जून (हि.स.)। गोरखालैंड टेरिटोरियल एडमिनिस्ट्रेशन (जीटीए) में इस्तीफों का सिलसिला जारी है। बुधवार को अनित थापा के चेयरमैन पद से इस्तीफे के बाद अब डिप्टी चेयरमैन सांचबीर सुब्बा ने भी अपने पद से इस्तीफा देने की घोषणा की है।
वहीं, दूसरी ओर कर्सियांग पंचायत समिति की अध्यक्ष अनु छेत्री ने भी पद छोड़ दिया है। अपने इस्तीफे को लेकर अनु छेत्री ने कहा कि राज्य की नई सरकार पर पहाड़ के लोगों का भरोसा है और सभी को उम्मीद है कि डबल इंजन सरकार के जरिए पहाड़ की समस्याओं का स्थायी समाधान निकलेगा।
उन्होंने कहा कि वह भी स्थायी समाधान चाहती है, इसलिए उन्होंने इस्तीफा देने का फैसला किया। इससे पहले अनित थापा ने भी इस्तीफे की वजह बताते हुए कहा था कि जीटीए के रहते हुए पहाड़ की समस्याओं का स्थायी समाधान संभव नहीं हो पा रहा था। उन्होंने यह भी कहा कि विधानसभा चुनाव में पहाड़ के लोगों ने जिस तरह भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को समर्थन दिया, उससे साफ है कि लोग स्थायी और राजनीतिक समाधान चाहते है।
अनित थापा ने संकेत दिया कि पहाड़ की लंबे समय से चली आ रही राजनीतिक समस्याएं ही इस फैसले के पीछे मुख्य कारण हैं और जीटीए से बाहर आकर वह स्थायी समाधान की दिशा में रास्ता बनाना चाहते है। ----------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

