नई सरकार गठन की अधिसूचना के बाद हलचल तेज, राज्यपाल से मिले मुख्य सचिव

WhatsApp Channel Join Now
नई सरकार गठन की अधिसूचना के बाद हलचल तेज, राज्यपाल से मिले मुख्य सचिव


कोलकाता, 06 मई (हि. स.)। पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रचंड जीत के बाद नई सरकार गठन से जुड़ी अधिसूचना जारी होने के बाद राज्य में प्रशासनिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में बुधवार दोपहर मुख्य सचिव दुष्यंत नारियाला ने राजभवन पहुंचकर राज्यपाल रविंद्र नारायण रवि से दूसरी बार मुलाकात की।

सूत्रों के अनुसार, चुनाव प्रक्रिया शुरू होने के बाद निर्वाचन आयोग के निर्देश पर नंदिनी चक्रवर्ती को हटाकर दुष्यंत नारियाला को मुख्य सचिव का दायित्व सौंपा गया था। बुधवार को मुख्य निर्वाचन अधिकारी की बैठक समाप्त होने के तुरंत बाद मुख्य सचिव जरूरी फाइलों के साथ राजभवन पहुंचे और राज्यपाल से लंबी चर्चा की।

निर्वाचन आयोग द्वारा नई सरकार गठन की प्रक्रिया शुरू करने की आधिकारिक घोषणा के बाद यह बैठक काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

इधर, राजभवन के उत्तर द्वार पर मीडिया की भारी भीड़ देखी गई। सुरक्षा को देखते हुए भारी पुलिस बल और सादी वर्दी में खुफिया एजेंसियों के जवान तैनात किए गए थे।

कुल मिलाकर, निर्वाचन आयोग की अधिसूचना के बाद राजभवन, नवान्न और निर्वाचन आयोग कार्यालय में लगातार बैठकों का दौर जारी है। सरकार गठन की तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंचती दिख रही हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

Share this story