बंगाल में नगर निकाय भर्ती घोटाला मामले में ईडी ने पूर्व मंत्री रथीन घोष को फिर किया तलब

WhatsApp Channel Join Now

कोलकाता, 20 मई (हि.स.)। पश्चिम बंगाल में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कथित नगर निकाय भर्ती घोटाला मामले में पश्चिम बंगाल के पूर्व मंत्री और मध्यग्राम से तृणमूल कांग्रेस विधायक रथीन घोष को एक बार फिर पूछताछ के लिए तलब किया है।

सूत्रों के अनुसार, केंद्रीय एजेंसी ने रथीन घोष को नोटिस जारी कर आगामी 25 मई, सोमवार को सीजीओ कॉम्प्लेक्स सॉल्ट लेक स्थित ईडी कार्यालय में उपस्थित होने का निर्देश दिया है।

नगर निकाय भर्ती में कथित अनियमितताओं को लेकर ईडी इससे पहले भी कई बार रथीन घोष को पूछताछ के लिए बुला चुकी है। हालांकि, उन्होंने चुनाव संबंधी व्यस्तताओं का हवाला देते हुए कई बार पेशी से छूट मांगी थी।

राज्य के पूर्व खाद्य मंत्री रथीन घोष गत 15 मई को सीजीओ कॉम्प्लेक्स स्थित ईडी कार्यालय पहुंचे थे, जहां उनसे लगभग 10 घंटे तक पूछताछ की गई थी।

अब ईडी ने चल रही जांच के सिलसिले में आगे की पूछताछ के लिए उन्हें दोबारा तलब किया है। एजेंसी इस मामले में भर्ती प्रक्रिया से जुड़े कथित वित्तीय अनियमितताओं और भूमिका की जांच कर रही है।-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

Share this story