कोलकाता पुलिस के उपायुक्त शांतनु सिन्हा विश्वास और उनके दो पुत्रों को ईडी का समन
कोलकाता, 20 अप्रैल (हि.स.)। पश्चिम बंगाल में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कोलकाता पुलिस के उपायुक्त शांतनु सिन्हा विश्वास के घर तलाशी अभियान चलाने के बाद अब उन्हें सीजीओ परिसर स्थित कार्यालय में तलब किया है। जांच एजेंसी ने पुलिस अधिकारी के दोनों पुत्रों को भी पूछताछ के लिए बुलाया है। इन्हें मंगलवार (21 अप्रैल) तक हाजिर होने को कहा गया है।
सूत्रों के अनुसार, दक्षिण कोलकाता निवासी सोना पप्पू और बेहाला के प्रवर्तक जय कामदार के साथ कालीघाट थाने के पूर्व थाना प्रभारी शांतनु के कथित संबंधों के संकेत मिले हैं। शांतनु के दोनों पुत्र शैक्षणिक संस्थानों से जुड़े बताए जा रहे हैं और उनकी भी जय कामदार से पहचान होने की बात सामने आई है। जांच एजेंसी यह पता लगाना चाहती है कि गिरफ्तार प्रवर्तक जय कामदार के साथ पुलिस अधिकारी या उनके पुत्रों का कोई आर्थिक लेनदेन हुआ था या नहीं। इसी कारण पिता और पुत्रों को समन भेजा गया है।
दूसरी ओर, जांचकर्ताओं को सोना पप्पू और जय कामदार के बीच आर्थिक लेनदेन के प्रमाण भी मिले हैं। रविवार को लंबी पूछताछ के बाद जय कामदार को गिरफ्तार किया गया था। हालांकि, तबीयत बिगड़ने के कारण उन्हें आर जी कर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सोमवार को उन्हें अदालत में पेश किया जा सकता है।
उल्लेखनीय है कि, कुछ दिन पहले बालीगंज में हुए एक उपद्रव मामले के मुख्य आरोपित सोना पप्पू को पुलिस अब तक गिरफ्तार नहीं कर सकी है। इस मामले में पहले भी एक भारतीय पुलिस सेवा अधिकारी (आईपीएस) से पूछताछ की गई थी। रविवार को जांच एजेंसी ने शांतनु विश्वास के फर्न रोड स्थित आवास पर तलाशी अभियान चलाया था। जांच एजेंसी का दावा है कि उस समय शांतनु घर पर मौजूद नहीं थे, जबकि उनके एक पुत्र ने मीडिया से कहा था कि अधिकारियों ने उनके पिता से पूछताछ की थी।-------------
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

