पश्चिम बंगाल के दो दिवसीय दौरे पर आएगी चुनाव आयोग की पूर्ण पीठ, चुनावी तैयारियों की करेगी समीक्षा

WhatsApp Channel Join Now
पश्चिम बंगाल के दो दिवसीय दौरे पर आएगी चुनाव आयोग की पूर्ण पीठ, चुनावी तैयारियों की करेगी समीक्षा


कोलकाता, 05 मार्च (हि.स.)। भारत निर्वाचन आयोग ने गुरुवार को बताया कि अगले सप्ताह पश्चिम बंगाल के दो दिवसीय दौरे पर आने वाली आयोग की पूर्ण पीठ का कार्यक्रम बेहद व्यस्त रहेगा। यह दौरा आगामी विधानसभा चुनाव और मतदाता सूची से जुड़े मामलों की समीक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की अगुवाई में आयोग की पूर्ण पीठ आठ मार्च की रात को कोलकाता पहुंचेगी। नौ और 10 मार्च को आयोग “लॉजिकल डिस्क्रेपेंसी” श्रेणी में रखे गए मतदाताओं के दस्तावेजों की चल रही न्यायिक जांच तथा राज्य में इस वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियों की समीक्षा करेगा।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के सूत्रों के अनुसार, नौ मार्च को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोग विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक करेगा। प्रत्येक दल को अपनी बात रखने के लिए 10 मिनट का समय दिया जाएगा। इसके बाद दोपहर लगभग 12:30 बजे मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोज कुमार अग्रवाल आयोग के समक्ष न्यायिक जांच और चुनावी तैयारियों की स्थिति पर प्रस्तुति देंगे, जो लगभग 30 मिनट तक चलेगी।

उसी दिन दोपहर 1:15 बजे से 1:30 बजे के बीच आयोग की पूर्ण पीठ राज्य और केंद्र की विभिन्न सुरक्षा एवं जांच एजेंसियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक करेगी। बताया गया है कि इस बैठक में लगभग 24 एजेंसियों के अधिकारी, जिला मजिस्ट्रेट और जिला पुलिस अधीक्षक मौजूद रहेंगे।

10 मार्च को आयोग की पूर्ण पीठ राज्य सरकार के शीर्ष नौकरशाहों और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक करेगी। इसमें मुख्य सचिव नंदिनी चक्रवर्ती और कार्यवाहक पुलिस महानिदेशक पीयूष पांडेय भी शामिल होंगे। यह बैठक सुबह 10 बजे शुरू होगी और लगभग 10 घंटे तक चलने की संभावना है। इसके बाद आयोग निर्वाचन पंजीकरण अधिकारियों, सहायक निर्वाचन पंजीकरण अधिकारियों और बूथ स्तर अधिकारियों के साथ भी बैठक करेगा।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, आयोग की पूर्ण पीठ 10 मार्च को ही दिल्ली लौट जाएगी। आयोग के इस दौरे को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के संदर्भ में बेहद अहम माना जा रहा है।-------------

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

Share this story