बंगाल में दुर्गा पूजा के नाम पर इंद्रनील सेन और उनकी पत्नी मधुचंदा पर करोड़ों की कमाई का आरोप

WhatsApp Channel Join Now
बंगाल में दुर्गा पूजा के नाम पर इंद्रनील सेन और उनकी पत्नी मधुचंदा पर करोड़ों की कमाई का आरोप


कोलकाता, 09 जून (हि.स.)। पश्चिम बंगाल में पूर्व मंत्री और गायक इंद्रनील सेन तथा उनकी पत्नी मधुचंदा सेन के खिलाफ दुर्गा पूजा से जुड़े कथित बड़े वित्तीय घोटाले के आरोप सामने आए हैं। आरोप है कि वर्ष 2022 से कोलकाता के प्रमुख दुर्गा पूजा आयोजनों में प्रीव्यू शो और प्री-एंट्री टिकटों की बिक्री के नाम पर करोड़ों की अवैध कमाई की गई। इस मामले में बउबाजार थाने में जयदीप मुखोपाध्याय ने शिकायत दर्ज कराई है।

सूत्रों के अनुसार, शिकायत में दावा किया गया है कि इंद्रनील सेन और मधुचंदा सेन ने ‘मास आर्ट’ नामक एक संस्था के माध्यम से यह कथित नेटवर्क संचालित किया। आरोप है कि इस संस्था के जरिए प्रीव्यू शो और विशेष प्री-पूजा एंट्री टिकट अत्यधिक कीमतों पर बेचे जाते थे। कुछ टिकटों की कीमत चार हजार रुपये तक बताई जा रही है।

आरोप यह भी है कि टिकट बिक्री के दौरान यूनेस्को के नाम और लोगो का उपयोग किया जाता था, जबकि यूनेस्को की ओर से इस तरह के किसी भी वाणिज्यिक समझौते या अनुमति से इनकार किया गया है। शिकायत में यह भी कहा गया है कि इस कथित व्यवस्था के जरिए देश ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी टिकट बेचे गए।

इस मामले में इंद्रनील सेन और मधुचंदा सेन के अलावा ध्रुवज्योति बसु (शुभ), सायंतन मैत्र और राजन चट्टोपाध्याय का नाम भी सामने आया है। आरोप है कि इन लोगों की भूमिका इस कथित टिकट बिक्री नेटवर्क को संचालित करने और विस्तार देने में रही।

वहीं, संगीत जगत में भी इंद्रनील सेन पर पहले से ही कई आरोप लगाए जा रहे हैं। कुछ कलाकारों का दावा है कि सरकारी आयोजनों में अवसर दिलाने के बदले कथित रूप से कमीशन लिया जाता था। गायक और चिकित्सक उत्सव दास ने आरोप लगाया है कि कुछ चुनिंदा कलाकारों को ही सरकारी कार्यक्रमों और सांस्कृतिक आयोजनों में प्राथमिकता दी जाती थी, जबकि अन्य योग्य कलाकारों को लगातार नजरअंदाज किया जाता रहा।

फिलहाल, इस पूरे मामले में पुलिस जांच जारी है और आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

Share this story