दमदम हवाई अड्डे से पश्चिम एशिया के लिए 20 उड़ानें रद्द, यात्रियों की बढ़ी परेशानी
कोलकाता, 02 मार्च (हि.स.)। पश्चिम एशिया में बढ़ते सैन्य तनाव का सीधा असर हवाई सेवाओं पर भी पड़ा है। सोमवार को कोलकाता के नेताजी सुभाषचंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे, दमदम से पश्चिम एशिया के विभिन्न देशों के लिए जाने वाली कई उड़ानें रद्द कर दी गईं। कुल पांच विमान कंपनियों की 20 उड़ानें रद्द होने से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
रद्द की गई उड़ानों में एमिरेट्स की आठ, कतर एयरवेज की चार, इतिहाद एयरवेज की चार, एयर अरबिया की दो और फ्लाई दुबई की दो उड़ानें शामिल हैं। इन उड़ानों के रद्द होने से दुबई, दोहा और अबू धाबी जाने वाले यात्रियों की यात्राएं प्रभावित हुई हैं।
पश्चिम एशिया के प्रमुख हवाई अड्डे, विशेषकर दुबई जैसे शहर, अंतरराष्ट्रीय हवाई यात्रा के लिए महत्वपूर्ण ट्रांजिट केंद्र माने जाते हैं। भारत से यूरोप और अमेरिका जाने वाले बड़ी संख्या में यात्री इन्हीं हवाई अड्डों के रास्ते यात्रा करते हैं। कोलकाता से भी नियमित रूप से इन केंद्रों के लिए सीधी उड़ानें संचालित होती हैं, लेकिन मौजूदा तनावपूर्ण हालात के कारण सेवाएं बाधित हो गई हैं।
केवल कोलकाता ही नहीं, बल्कि दिल्ली, बेंगलुरु और चेन्नई के हवाई अड्डों से भी पश्चिम एशिया के लिए कई उड़ानें रद्द की गई हैं। पश्चिम में बढ़ते तनाव के कारण कई प्रमुख शहरों के लिए हवाई सेवाएं अस्थायी रूप से स्थगित कर दी गई हैं।
इस स्थिति के कारण जहां भारत से जाने वाले यात्री अपने गंतव्य तक नहीं पहुंच पा रहे हैं, वहीं पश्चिम एशिया के विभिन्न देशों में फंसे भारतीय भी वीजा और वापसी को लेकर चिंतित हैं। इस मुद्दे पर केंद्र सरकार की सुरक्षा मामलों की समिति की बैठक में चर्चा की गई, जिसमें विदेशों में फंसे भारतीयों की सुरक्षित वापसी के उपायों पर विचार किया गया।
विदेश मंत्रालय ने कहा है कि पश्चिम एशिया में तनाव के कारण भारत में मौजूद विदेशी नागरिकों को चिंता करने की जरूरत नहीं है। सरकार ने भरोसा दिलाया है कि वीजा अवधि बढ़ाने और भारत में उनके ठहरने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी।--------------------
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

