बंगाल चुनाव-2026 : कोयलांचल में खिलेगा कमल, बंगाल में आएगा परिवर्तन : रेखा गुप्ता
-दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने रानीगंज में जनसभा को किया संबोधित
आसनसोल, 11 अप्रैल (हि.स.)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी तेज होती जा रही है। तमाम राजनीतिक दलों के नेता चुनाव प्रचार में जुटे हुए हैं। इसी क्रम में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को रानीगंज में एक जनसभा को संबोधित किया।
कोयलांचल क्षेत्र के दो दिवसीय दौरे पर पहुंचीं रेखा गुप्ता ने आज एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि अब कोयले की खदानों में “कमल खिलेगा” और राज्य की जनता बदलाव चाहती है। उन्होंने दावा किया कि यह परिवर्तन केवल भाजपा के नेतृत्व में ही संभव है और जनता का भरोसा लगातार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर बढ़ रहा है।
रेखा गुप्ता ने अपने संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर आरोप लगाया कि पिछले 15 वर्षों में राज्य में भ्रष्टाचार और भय का माहौल बना है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, युवाओं के रोजगार और किसानों की स्थिति गंभीर चिंता का विषय है और सरकार इन मुद्दों पर विफल रही है।
रेखा गुप्ता ने भाजपा की “विकास और विश्वास” की राजनीति को आगे बढ़ाने की बात करते हुए कहा कि पार्टी सत्ता में आने पर हर वर्ग के लिए काम करेगी। उन्होंने शिक्षा, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं में सुधार का वादा किया और कहा कि भाजपा का लक्ष्य केवल सत्ता हासिल करना नहीं, बल्कि लोगों के जीवन में वास्तविक बदलाव लाना है।
अपने भाषण में उन्होंने बार-बार “परिवर्तन” का उल्लेख करते हुए कहा कि बंगाल में बदलाव की हवा चल रही है और जनता मौजूदा सरकार से निराश हो चुकी है। उनका दावा था कि इस बार का चुनाव राज्य के भविष्य का फैसला करेगा।
उन्होंने स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और पार्टी की नीतियों को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया। इस दौरान मंच पर पश्चिम बर्दवान भाजपा जिलाध्यक्ष देवतनु भट्टाचार्य, रानीगंज विधानसभा सीट के उम्मीदवार पार्थ घोष सहित कई अन्य पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

