बंगाल में असम के मुख्यमंत्री का ऐलान -ऐतिहासिक मधुपुर सत्रा पर्यटन केंद्र के रूप में हाेगा विकसित

WhatsApp Channel Join Now
बंगाल में असम के मुख्यमंत्री का ऐलान -ऐतिहासिक मधुपुर सत्रा पर्यटन केंद्र के रूप में हाेगा विकसित


कूचबिहार, 19 सितंबर (हि. स.)। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने शनिवार को कूचबिहार स्थित ऐतिहासिक मधुपुर सत्रा का दौरा किया है। श्रीमंत शंकरदेव की स्मृतियों से जुड़े इस धार्मिक स्थल को विकसित कर प्रमुख पर्यटन केंद्र के रूप में तैयार करने की योजना की जानकारी उन्होंने दी। मुख्यमंत्री के साथ असम के दो मंत्री, पश्चिम बंगाल के उत्तर बंगाल विकास मंत्री निशीथ प्रमाणिक, महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री मालती रावा राय और कई विधायक मौजूद रहे।

बताया गया कि असम के हालिया बजट में मधुपुर सत्रा के विकास के लिए 35 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। हिमंत बिस्व सरमा ने दावा किया कि पश्चिम बंगाल सरकार ने भी मधुपुर सत्रा के विकास के लिए 30 करोड़ देने का आश्वासन दिया है। श्रीमंत शंकरदेव ने अपने जीवन के अंतिम समय का एक हिस्सा मधुपुर धाम में बिताया था और यहीं उनका निधन हुआ था। इसी कारण मधुपुर सत्रा असम समेत देश के विभिन्न हिस्सों से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए महत्वपूर्ण धार्मिक स्थल है। हालांकि, यह स्थल पश्चिम बंगाल सरकार के अधीन है, जबकि इसके रखरखाव और संचालन में असम सरकार की भूमिका रहती है।

असम के मुख्यमंत्री ने कहा कि असम के नगांव जिले के बरदोवा सत्रा को जिस तरह आधुनिक और पर्यटकों के लिए आकर्षक बनाया गया है, उसी तर्ज पर मधुपुर सत्रा को भी विकसित करने की योजना है। उन्होंने पश्चिम बंगाल के प्रतिनिधियों को बरदोवा सत्रा का दौरा करने का न्योता भी दिया। --------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

Share this story